आर्थिक तंगी के कारण जिंदगी और मौत से जूझ रही 12 साल की मासूम! सोशल मीडिया पर पिता ने लगाई मदद की गुहार, आवाज इंडिया के साथ आप भी बढ़ाएं हाथ
देहरादून। एक तरफ हमारी सरकारें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का दावा करती हैं और जरूरतमंदों को फ्री इलाज दिए जाने की बड़ी-बड़ी बातें भी की जाती हैं, लेकिन धरातल पर इसकी हकीकत कुछ और ही हैं। उत्तराखण्ड की बात करें तो यहां आज भी इलाज के लिए लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आर्थिक स्थिति सही नहीं होने और महंगे इलाज के चलते आज भी लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ती है।
कुछ ऐसा ही एक मामला कर्णप्रयाग ब्लाक के माठा गांव में सामने आया है। यहां परिवार की आर्थिक स्थिति सही नहीं होने से एक मासूम को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। ब्लाक के माठा गांव के जूनियर हाईस्कूल में पढ़ने वाली 12 वर्षीय सोनम हार्ट की बीमारी से जूझ रही है और परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं कि उसका इलाज करवा सकें। बेटी की तबियत लगातार बिगड़ने से परिजन सहमे हुए हैं और अब सोनम के पिता सतपाल चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से मदद की गुहार लगाई है। बता दें कि सोनम के पिता सतपाल चौधरी मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं उन्होंने बताया कि बीते 6 महीनों से सोनम बीमार है और उन्होंने देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल में सोनम का उपचार किया, लेकिन डॉक्टरों ने सोनम को एम्स के लिए रेफर किया था। उनका कहना है कि उनके पास पैसा न होने के कारण वह बच्ची का इलाज नही करा पा रहे हैं और अब धीरे धीरे उसका स्वास्थ्य खराब होता जा रहा है। एक पिता की यह करूणा जहां 21 साल के उत्तराखण्ड के स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खोलती है वहीं सरकारों के दावों पर भी सवाल उठते है। यहां एक सवाल यह भी उठता है कि आंखिर सरकारें कबतक झूठी बातों और घोषणाओं से जनता को बरगलाती रहेंगी। उत्तराखण्ड को 21 साल हो गये और इन 21 सालों में राज्य में क्या स्थिति है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आर्थिक तंगी के चलते एक पिता अपनी बेटी को तड़पता देख रहा है और इलाज नहीं करा पा रहा है।
आवाज इंडिया मासूम सोनम के साथ खड़ा है और जितना हो सकेगा शासन-प्रशासन स्तर पर उसकी मदद करेगा। साथ ही आवाज इंडिया सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों से अपील करता है कि सोनम के इलाज करवाने में उसके परिवार की मदद करें।
सोनम और उसके परिवार की पूरी डिटेल नीचें फोटो में देखें।

