• Home
  • News
  • A family's holiday in Nainital turned into tragedy; little Gaurant fell from a hotel window while playing and lost his battle for life.

मध्यप्रदेश से नैनीताल घूमने आए परिवार की खुशियां मातम में बदलीं, खेलते-खेलते होटल की खिड़की से गिरा मासूम गौरांत, जिंदगी की जंग हार गया

editor
  • Awaaz Desk
  • July 05, 2026 12:07 PM
A family's holiday in Nainital turned into tragedy; little Gaurant fell from a hotel window while playing and lost his battle for life.

नैनीताल। सरोवर नगरी घूमने आए मध्यप्रदेश के एक पर्यटक परिवार के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। मल्लीताल क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरे तीन वर्षीय बालक की होटल की खिड़की से करीब 20 फीट नीचे गिरने से गंभीर चोटें आईं। उपचार के लिए हल्द्वानी और फिर दिल्ली रेफर किए गए मासूम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश निवासी विशाल सैनी अपने परिवार के साथ नैनीताल भ्रमण पर आए हुए थे। रविवार सुबह मल्लीताल स्थित होटल के कमरे में उनका तीन वर्षीय पुत्र गौरांत खेल रहा था। इसी दौरान परिजनों का ध्यान कुछ क्षण के लिए हट गया और बालक खिड़की से करीब 20 फीट नीचे जा गिरा। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों की सहायता से घायल बालक को तत्काल बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

जिला अस्पताल में तैनात डॉ. सुनील परिहार ने बताया कि बच्चे के सिर पर गंभीर चोट आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया। हल्द्वानी में जांच के दौरान बच्चे के सिर की हड्डी और गर्दन में गंभीर चोट की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में उपचार के दौरान मासूम गौरांत की मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


संबंधित आलेख: