• Home
  • News
  • A gift from the Dhami government: DA increased for employees covered under the 5th and 6th Pay Commissions! 178 police, PAC, and IRB personnel granted the old pension scheme.

धामी सरकार का तोहफाः पांचवें व छठे वेतन आयोग के कर्मियों का बढ़ा डीए! 178 पुलिस, पीएसी व आईआरबी जवानों को मिली पुरानी पेंशन

editor
  • Awaaz Desk
  • November 22, 2026 06:11 AM
A gift from the Dhami government: DA increased for employees covered under the 5th and 6th Pay Commissions! 178 police, PAC, and IRB personnel granted the old pension scheme.

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में अवस्थापना विकास को नई गति देने और राज्य कर्मचारियों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर मुहर लगाई है। सरकार ने एक ओर जहां विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों के लिए 155.96 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है, वहीं दूसरी ओर राज्य कर्मियों का महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाने और 178 पुलिस कर्मियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ देने का बड़ा फैसला लिया है। राज्य के कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने 1 जुलाई 2026 से महंगाई भत्ते में वृद्धि को मंजूरी दी है। इसके तहत छठे वेतन आयोग के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों का डीए 262 प्रतिशत से बढ़ाकर 269 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं, पांचवें वेतन आयोग के कर्मचारियों के डीए में 14 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए इसे 483 प्रतिशत से बढ़ाकर 497 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, प्रदेश के 178 पुलिस, पीएसी और आईआरबी कार्मिकों को नई पेंशन योजना (एनपीएस) के दायरे से हटाकर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) में शामिल करने को स्वीकृति दी गई है। अवस्थापना सुदृढ़ीकरण के तहत सरकार ने पार्किंग और सड़क निर्माण को प्राथमिकता दी है। चंपावत के लोहाघाट में मल्टी-लेवल पार्किंग के लिए 998.55 लाख रुपये और अल्मोड़ा के मौलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण हेतु 591.16 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी के मोटर मार्गों पर पुराने क्लास-बी पुलों को क्लास-ए में उच्चीकृत करने तथा टिहरी, पौड़ी गढ़वाल और ऊधमसिंहनगर की ग्रामीण व संपर्क सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए करोड़ों की धनराशि जारी की गई है। पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए देहरादून और हरिद्वार के अधिक खपत वाले वार्डों में घरेलू वाटर मीटर लगाने हेतु कुल 814.36 लाख रुपये (क्रमशः 349.59 लाख व 464.77 लाख) स्वीकृत हुए हैं। साथ ही, वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वैच्छिक चकबंदी को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य आकस्मिकता निधि से 100 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। प्रशासनिक स्तर पर लिए गए अन्य निर्णयों में नरेंद्रनगर के सामुदायिक भवन का नामकरण स्व. सोबन सिंह नेगी सामुदायिक भवन करने का प्रस्ताव पारित हुआ है। इसके अलावा, भूमि क्रय अनियमितता मामले में हरिद्वार के तत्कालीन नगर आयुक्त वरुण चौधरी (आईएएस) के निलंबन की अवधि को 29 नवंबर 2026 से आगे बढ़ाने को भी अनुमोदन प्रदान किया गया है।
 


संबंधित आलेख: