• Home
  • News
  • A Grand Yoga Gathering in the Land of Gods: Unprecedented enthusiasm witnessed from Champawat to Nainital, Mussoorie, and Almora; youth, students, officials, and security personnel pledged to lead a healthy life.

देवभूमि में योग का महाकुंभ: चंपावत से नैनीताल, मसूरी और अल्मोड़ा तक दिखा अभूतपूर्व उत्साह, युवाओं, विद्यार्थियों, अधिकारियों और जवानों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

editor
  • Awaaz Desk
  • June 21, 2026 07:06 AM
A Grand Yoga Gathering in the Land of Gods: Unprecedented enthusiasm witnessed from Champawat to Nainital, Mussoorie, and Almora; youth, students, officials, and security personnel pledged to lead a healthy life.

देहरादून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को उत्तराखंड पूरी तरह योगमय नजर आया। हिमालय की गोद में बसे देवभूमि के शहरों, कस्बों और गांवों में सुबह से ही योग के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला। स्कूलों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, खेल मैदानों और सार्वजनिक स्थलों पर हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। इस दौरान "करो योग, रहो निरोग" का संदेश भी दिया गया। प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सुरक्षा बलों के जवानों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री धामी ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए योग को भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है। मुख्यमंत्री इस अवसर पर अपने विधानसभा क्षेत्र चंपावत के बनबसा में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने स्वयं योगाभ्यास कर लोगों को नियमित योग अपनाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग और वेलनेस की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। इसी दिशा में देश की पहली योग नीति लागू की गई है। इसके अंतर्गत योग एवं ध्यान केंद्रों के विकास के लिए 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी तथा योग शोध एवं अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए 10 लाख रुपये तक के अनुदान की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पांच नए योग हब विकसित किए जा रहे हैं तथा सभी आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों में योग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
एक या अधिक लोग, performing martial arts और people practicing yoga की फ़ोटो हो सकती है

नैनीताल में युवाओं और विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
झीलों की नगरी नैनीताल में भी योग दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। नैनीताल के डीएसए बास्केटबॉल कोर्ट में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने कहा कि योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि योग से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि मानसिक शक्ति, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा भी बढ़ती है। अजय भट्ट ने कहा कि नियमित योग अभ्यास तनाव को कम करता है और जीवन को संतुलित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं से योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

मसूरी में आईटीबीपी जवानों ने दिया फिटनेस का संदेश
पर्यटन नगरी मसूरी में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। नगर पालिका परिषद मसूरी की ओर से टाउन हॉल परिसर में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में आईटीबीपी के जवानों ने भी पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास कर अनुशासन, स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश दिया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग टाउन हॉल परिसर में एकत्र हुए और योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन तथा प्राणायाम का अभ्यास किया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति का अमूल्य उपहार है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के सैकड़ों देशों में करोड़ों लोग योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवन का आधार भी है। आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और व्यस्तता के बीच योग व्यक्ति को मानसिक एवं शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है।

अल्मोड़ा में "हेल्दी एजिंग के लिए योग" थीम पर कार्यक्रम
अल्मोड़ा में भी 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम "हेल्दी एजिंग फॉर योगा" अर्थात "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" रखी गई। मल्ला महल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने प्रतिभाग किया और कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। अजय टम्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण आज योग विश्व स्तर पर सम्मान और पहचान प्राप्त कर चुका है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और खुशहाल जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना बेहद आवश्यक है।


संबंधित आलेख: