बिहार की सियासत में 'पते' बदलने का दौर: स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने 5 देशरत्न मार्ग बंगले में किया गृह प्रवेश, नीतीश कुमार भी पूजा में हुए शामिल
पटना। बिहार की राजधानी पटना के सबसे हाई-प्रोफाइल और वीवीआईपी इलाके में इन दिनों सियासी दिग्गजों के सरकारी आवासों के पते तेजी से बदल रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को बिहार के नवनियुक्त स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अपने नए सरकारी आवास '5 देशरत्न मार्ग' में पूरे विधि-विधान के साथ गृह प्रवेश किया। ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन और बेहद शुभ अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में भगवान सत्यनारायण की कथा और विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस खास मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने पूरे परिवार के साथ पूजा में भाग लिया और नए आवास के लिए शुभकामनाएं दीं। दिलचस्प बात यह रही कि ज्येष्ठ पूर्णिमा के इस पावक मौके पर एक ओर जहां स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अपने नए आवास पर अनुष्ठान कराया, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी अपने लोकसेवक आवास पर भगवान सत्यनारायण की पूजा कराई। राजधानी के दो बड़े सियासी केंद्रों पर एक साथ हुए धार्मिक आयोजनों को लेकर दिनभर चर्चाएं गर्म रहीं।
बता दें कि 5 देशरत्न मार्ग का यह आलीशान बंगला पहले सम्राट चौधरी को उपमुख्यमंत्री रहते हुए आवंटित हुआ था। उनके द्वारा इसे खाली किए जाने के बाद यह बंगला स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नाम अलॉट हुआ। इससे पहले निशांत को '2 देशरत्न मार्ग' का बंगला मिला था, जिसे बाद में विधानसभा अध्यक्ष के लिए चिन्हित कर दिया गया था। धार्मिक अनुष्ठान और गृह प्रवेश की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार बेहद खुश नजर आए। जब पत्रकारों ने उनसे चुटकी लेते हुए पूछा कि क्या अब वे पूरी तरह से इसी बंगले में निवास करेंगे? तो उन्होंने खास अंदाज में मुस्कुराते हुए कहा, "मैंने आज गृह प्रवेश किया है। घर के सभी सदस्य पूजा में शामिल हुए, पिता जी भी मौजूद थे। मैं अपने इस नए आवास में भी रहूंगा और वहां भी रहूंगा। निशांत कुमार का 'वहां भी रहने' का साफ इशारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास की तरफ था। गौरतलब है कि 5 देशरत्न मार्ग का यह नया बंगला 7 सर्कुलर रोड और मुख्य मुख्यमंत्री आवास के बेहद करीब है, जिससे अब वीवीआईपी मूवमेंट और बैठकों में काफी आसानी होगी। इन दिनों पटना के सियासी गलियारों में सिर्फ राजनीतिक समीकरण ही नहीं, बल्कि मंत्रियों के सामान भी इधर से उधर शिफ्ट हो रहे हैं। जहां एक तरफ स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार नए बंगले में गृह प्रवेश कर चुके हैं, वहीं दूसरी तरफ 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास से राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का परिवार अपना सारा सामान समेटकर पोलो रोड स्थित नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास में पूरी तरह शिफ्ट हो गया है। गृह प्रवेश की खुशियों के बीच स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अपने विभागीय दायित्वों को लेकर भी पूरी तरह गंभीर दिखे। अस्पतालों में चल रही ताबड़तोड़ औचक छापेमारी और कार्रवाई पर उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। मंत्री ने साफ किया कि इस बड़ी कार्रवाई का एकमात्र उद्देश्य सरकारी और निजी अस्पतालों की व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करना है, ताकि सूबे के आम नागरिकों को इलाज में किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें हर हाल में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।