दिल्ली की महिला पर्यटक को नैनीताल ले जाने के बहाने सुनसान रास्ते पर मोड़ी टैक्सी! दुष्कर्म की कोशिश और मोबाइल लूट का आरोप, पुलिस ने 10 घंटे में आरोपी गिरफ्तार किया
हल्द्वानी/नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास और लूट की गंभीर घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 मार्च 2026 को दिल्ली निवासी एक महिला पर्यटक देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची थी। हल्द्वानी से वह ऑटो के माध्यम से काठगोदाम आई और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराए पर ली। बताया जा रहा है कि रात्रि करीब 1:30 बजे टैक्सी चालक ने नैनीताल ले जाने के बजाय वाहन को वल्दियाखान क्षेत्र के पास पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। जब महिला ने इसका विरोध किया तो चालक ने उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म का प्रयास किया। साथ ही महिला का मोबाइल फोन भी लूट लिया, ताकि वह किसी को सूचना न दे सके।
घटना के बाद 6 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक टीम की सहायता से साक्ष्य एकत्र किए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना तल्लीताल में मुकदमा अपराध संख्या 11/2026 धारा 64, 309(6) और 137 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। तल्लीताल थानाध्यक्ष मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, वाहन संख्या UK04TB 5500 (वैगनआर) तथा जीपीएस लोकेशन के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान पुलिस ने भवाली रोड स्थित पाइन्स क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष) पुत्र नंदन सिंह बोरा निवासी गुजरौड़ा फतेहपुर, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन Vivo Y100 बरामद कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त टैक्सी वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने बताया कि घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी, जिसके परिणामस्वरूप मात्र 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि नैनीताल आने वाले पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।