आस्थाः 25 मई को श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट! बर्फ के चलते लिया बड़ा फैसला, प्रतिदिन 3500 श्रद्धालु ही कर सकेंगे दर्शन
चमोली। आगामी 25 मई को हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जायेंगे। हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर सरकार, जिला प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन ने प्रतिदिन श्रद्धालुओं के पहुंचने की सीमा तय कर दी है। कपाट खुलने के बाद प्रतिदिन 3500 श्रद्धालु ही हेमकुंड साहिब जा सकेंगे। गुरुद्वारा प्रबंधन का कहना है कि हेमकुंड साहिब में अभी भी काफी बर्फ है। बर्फ पिघलने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या पर फिर से विचार किया जाएगा। बता दें कि 22 मई को पंच पयारों की अगुवाई में राज्यपाल एवं संत समाज द्वारा ऋषिकेश से हेमकुंड साहिब यात्रा का आगाज किया जाएगा। दो दिन पहले जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने गुरुद्वारा प्रबंधन के साथ गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब का पैदल निरीक्षण किया था। जिसके बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं की संख्या तय की है।