• Home
  • News
  • Accused in the Rudrapur gang-rape case attempted to escape from police custody! Police chased and caught them; an angry mob surrounded and beat them up.

रुद्रपुर सामूहिक दुष्कर्म मामले में आरोपियों ने की पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश! पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा, गुस्साई भीड़ ने घेरकर पीटा

editor
  • Awaaz Desk
  • July 28, 2026 01:07 PM
Accused in the Rudrapur gang-rape case attempted to escape from police custody! Police chased and caught them; an angry mob surrounded and beat them up.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर के चर्चित सामूहिक दुष्कर्म मामले में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब क्राइम सीन रिक्रिएशन के बाद पुलिस अभिरक्षा में लौटाए जा रहे दो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। हांलाकि पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीछा कर दोनों को पकड़ लिया, लेकिन इसी दौरान मौके पर मौजूद आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर भीड़ को नियंत्रित किया और दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच कोतवाली पहुंचाया। बता दें कि रुद्रपुर के सिडकुल क्षेत्र में काम करने वाली एक युवती ने 25 जुलाई को तीन युवकों पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। शिकायत के अनुसार, युवती रात के समय अपने दोस्तों के साथ भूरारानी रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर चारों को जबरन बाइक पर बैठाकर गदरपुर की ओर ले जाने लगे। बताया गया कि रास्ते में एक युवक और युवती चलती बाइक से कूद गए, जबकि आरोपियों ने युवती और एक अन्य युवक को अपने साथ रखा।

गदरपुर क्षेत्र में पहुंचने के बाद दूसरे युवक को रास्ते में डरा-धमकाकर उतार दिया गया और युवती को आरोपी अपने साथ ले गए। आरोप है कि इसके बाद युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और रातभर उसे अपने कब्जे में रखने के बाद अगले दिन सुबह मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिचितों और पुलिस को मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, 27 और 28 जुलाई की मध्यरात्रि करीब डेढ़ बजे आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपियों की ओर से पुलिस पर फायरिंग किए जाने की बात सामने आई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएट कराया। इसके बाद उन्हें वापस कोतवाली ले जाया जा रहा था।

एसएसपी अजय गणपति के अनुसार, वापसी के दौरान यातायात का दबाव था और पुलिस वाहन अचानक बंद हो गया। इसके बाद दूसरे वाहन की व्यवस्था की गई। इसी दौरान आरोपियों को दूसरे वाहन में शिफ्ट किया जा रहा था, तभी दोनों ने पुलिसकर्मियों से खुद को छुड़ाकर भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए दोनों को पकड़ लिया। इसी बीच मौके पर मौजूद भीड़ आरोपियों को देखकर आक्रोशित हो गई। लोगों ने दोनों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। भीड़ में शामिल लोग आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और अतिरिक्त बल बुलाकर भीड़ को पीछे हटाया। इसके बाद दोनों आरोपियों को सुरक्षित वाहन तक पहुंचाकर कड़ी सुरक्षा के बीच कोतवाली लाया गया। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि दोनों आरोपियों को अब न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 


संबंधित आलेख: