उपलब्धिः उत्तराखण्ड के युवाओं ने फिर मनवाया प्रतिभा का लोहा! कुमाऊं के आठ होनहारों ने यूपीएससी की परीक्षा में पाई सफलता, बेटियां भी निकली आगे
आज के दौर में बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं, और बीते रोज 30 मई 2022 को आए यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में उन्होंने एक बार फिर अपनी प्रतिभा को जगजाहिर कर दिया। इस दौरान देशभर की तमाम बेटियों ने इस परीक्षा में सफलता हासिल की और टॉप-3 में अपना नाम अंकित कराया।
उत्तराखण्ड की बात करें तो यहां भी बेटियों ने अच्छा मुकाम हासिल करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस दौरान कुमाऊं के आठ होनहारों ने परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, जिसमें से तीन बेटियां हैं। कुमाऊं के इन आठ होनहारों ने अपनी मेहनत से जो मुकाम हासिल किया उससे जहां प्रदेश का नाम रोशन हुआ है वहीं इन होनहारों की सफलता से विश्वपटल पर भी उत्तराखण्ड का नाम रोशन होगा।
बता दें कि यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में पिथौरागढ़ की दीक्षा जोशी ने 19वीं, जसपुर के अर्पित चौहान ने 20वीं, पिथौरागढ़ के मयंक पाठक ने 132वीं, टनकपुर से आशु पंत ने 193वीं, हल्द्वानी से कुनाल ने 234वीं, पिथौरागढ़ से गीतिका 239वीं रुद्रपुर से गरिमा नगपाल ने 304वीं जबकि हल्द्वानी से रिजुल ने 322वीं रैंक प्राप्त की है।
इन होनहारों की सफलता पर सभी प्रदेशवासियों को नाज है, और होनहारों की उपलब्धि से हर तरफ उल्लास का माहौल दिखाई दे रहा है। बता दें कि उत्तराखण्ड के युवा आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। बार्डर पर देशसेवा की बात हो या खेल का मैदान या फिर शिक्षा का क्षेत्र, हर तरफ उत्तराखण्ड के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का अच्छा प्रदर्शन किया है और यही कारण है कि अन्य युवा भी ऐसे होनहारों से सीख लेते हुए अपनी प्रतिभा को आगे लाने में जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। आवाज इंडिया परिवार कुमाऊं के इन आठ होनहारों की सफलता पर खुशी जताते हुए इनके उज्जवल भविष्य की कामना करता है।