• Home
  • News
  • Air Service Launched Between Dehradun and Pithoragarh; CM Flags Off 42-Seater Aircraft

देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू, 42 सीटर विमान को सीएम ने दिखाई हरी झंडी

  • Tapas Vishwas
  • March 26, 2026 10:03 AM
Air Service Launched Between Dehradun and Pithoragarh; CM Flags Off 42-Seater Aircraft

देहरादून। उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा का शुभारंभ किया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट (डोईवाला) से एलाइंस एयर के 42 सीटर विमान को हरी झंडी दिखाकर सीएम धामी ने इस सेवा को औपचारिक रूप से शुरू किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक देहरादून से पिथौरागढ़ पहुंचने में लगभग 15 घंटे का समय लगता था, जो अब मात्र एक घंटे में तय हो सकेगा। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के बीच हवाई संपर्क स्थापित होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। सीमांत जिला पिथौरागढ़ अब सीधे हवाई मार्ग से राज्य की राजधानी से जुड़ गया है। मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि यह सेवा हवाई संपर्क योजना के अंतर्गत शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि इस नई उड़ान से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित होगी। पर्यटन, व्यापार, स्वास्थ्य सेवाएं और आपातकालीन स्थितियों में यह सेवा बेहद उपयोगी साबित होगी। स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

सीएम धामी ने अपनी सरकार के पिछले चार वर्षों के एविएशन क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य में हेलीपोर्ट की संख्या 2 से बढ़कर 12 हो गई है, जबकि हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो चुकी है। इसी मजबूत एविएशन इकोसिस्टम के कारण उत्तराखंड को ‘बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम’ का प्रतिष्ठित अवॉर्ड मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में हेली और फिक्स्ड विंग उड़ानों का विस्तार त्वरित राहत और बचाव कार्यों को और प्रभावी बना रहा है। सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को नई गति मिलने के साथ ही स्थानीय उत्पादों की बाजार पहुंच भी आसान होगी। धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में हवाई संपर्क के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। क्षेत्रीय उड़ानों को मजबूती मिली है और दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्राप्त हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में मंजूर ‘उड़ान योजना 2.0’ का भी उल्लेख किया। इस योजना के तहत लगभग ₹29,000 करोड़ की लागत से 100 नए हवाई अड्डों और 200 नए हेलीपैड विकसित किए जाएंगे, जिसका सीधा लाभ उत्तराखंड को भी मिलेगा। पिथौरागढ़ के स्थानीय लोगों और यात्रियों ने इस नई सेवा का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग की थकान और लंबे समय की बचत अब उनकी यात्रा को सुविधाजनक बना देगी। इस शुभारंभ के साथ उत्तराखंड सरकार का ‘सबका साथ, सबका विकास’ का संकल्प एक बार फिर मजबूत हुआ है। मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि भविष्य में राज्य के अन्य दुर्गम क्षेत्रों को भी हवाई सेवा से जोड़ा जाएगा।


संबंधित आलेख: