गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण में बजट सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक, सीएम धामी ने किया प्रतिभाग
गैरसैंण। उत्तराखंड बजट सत्र कल यानी 13 मार्च से गैरसैंण के भराड़ीसैंण में आयोजित होने जा रहा है। लिहाजा, बजट सत्र में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल गुरमीत सिंह गैरसैंण पहुंच गए हैं। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी समेत कई कैबिनेट मंत्री और विधायकगण भी गैरसैंण पहुंच गए हैं। वहीं, सत्र से पहले भाजपा विधानमंडल दल की बैठक हुई, जिसमें सत्र को लेकर रणनीति बनाई गई। इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट एवं विधायकगण उपस्थित थे।

वहीं, भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आहूत की गई। सर्वदलीय बैठक के दौरान सत्र में सभी दल के नेताओं से सदन को शांतिपूर्वक एवं सुचारु रुप से और गुणवत्तापूर्ण संचालित किए जाने के लिए सहयोग की अपेक्षा की गई।


इससे पहले सीएम धामी ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी से भी मुलाकात की। इसी कड़ी में ऋतु खंडूड़ी ने भराड़ीसैंण विधानसभा में हवन पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख शांति की कामना की। इस मौके पर ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि पूरा विश्वास है कि बजट सत्र शांति और सुचारू रूप से चलेगा. जिससे प्रदेश का विकास होगा।