• Home
  • News
  • Almora: Tragic Accident Near Chintoli as Tractor-Trolley Overturns; Two Youths Dead, Two Critically Injured

अल्मोड़ा: चिंतोली के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से भीषण हादसा, दो युवकों की मौत, दो गंभीर घायल

  • Tapas Vishwas
  • March 29, 2026 12:03 PM
Almora: Tragic Accident Near Chintoli as Tractor-Trolley Overturns; Two Youths Dead, Two Critically Injured

अल्मोड़ा जनपद के देघाट थाना अंतर्गत चिंतोली-नगचूला खाल मोटर मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गढ़वाल से चिंतोली की ओर आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें दबने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों और घायलों की उम्र 18 से 24 वर्ष के बीच है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार चार युवक गढ़वाल क्षेत्र से अपने गांव चिंतोली की ओर लौट रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर चिंतोली-नगचूला खाल मोटर मार्ग पर गांव के समीप पहुँचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रॉली सड़क पर ही पलट गई। हादसे की भयावहता देख राहगीरों के होश उड़ गए। ग्राम प्रहरी चंदन सिंह ने तत्काल घटना की सूचना देघाट थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। ट्रॉली के नीचे दबे चारों युवकों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट पहुँचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दर्शन सिंह (24 वर्ष) और चंदन सिंह (24 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम चिंतोली, को मृत घोषित कर दिया। एक ही गांव के दो हमउम्र युवाओं की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में घायल दो अन्य युवक गोपाल सिंह (24 वर्ष) और नरेंद्र सिंह (18 वर्ष) को प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घायल युवक भी चिंतोली गांव के ही निवासी हैं। थाना देघाट पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति या तकनीकी खराबी हादसे का कारण हो सकती है। फिलहाल, पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
 


संबंधित आलेख: