गजबः बागेश्वर में पानी का बिल आया 20 हजार रूपए! गुस्साए व्यापारियों ने घेरा जल संस्थान, सुधार न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
बागेश्वर। बागेश्वर में होटल व्यापारियों का पानी का बिल तीन माह में 20 हजार रुपए तक आने पर व्यापारियों ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस दौरान गुस्साए व्यापारियों ने व्यापार संघ अध्यक्ष कवि जोशी के नेतृत्व में जल संस्थान कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द इन बिलों में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। व्यापार मंडल अध्यक्ष कवि जोशी ने कहा कि होटल व्यापारियों का पानी का बिल छोटी सी दुकान के 20 हजार तक आ रहा है। दुकानदारों की इतनी आमदनी भी नहीं है। उन्होंने इन बिलों में संशोधन करने की मांग की है। वहीं अवर अभियंता दीनदयाल टम्टा ने कहा कि बड़े होटल रेस्टोरेंट व्यापारियों द्वारा पानी के कमर्शियल कनेक्शन लिए हैं, जबकि छोटे होटल रेस्टोरेंट व्यापारियों ने घरेलू कनेक्शन पर ही होटल रेस्टोरेंट में पानी का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने सभी व्यापारियों से कमर्शियल कनेक्शन या मीटर लगाने को कहा है।