एक और हादसाः पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट में पलटी कार! युवक की मौत, बहन और भांजा घायल
पिथौरागढ़। उत्तराखण्ड में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। ताजा घटनाक्रम पिथौरागढ़ से सामने आया है, यहां गंगोलीहाट थाना क्षेत्र में पनार-गंगोलीहाट सड़क पर टिम्टा के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन और भांजा घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के मुताबिक निगल्टी निवासी 24 वर्षीय देवेंद्र सिंह बुधवार शाम अपनी बहन को छोड़ने के लिए रस्यूड़ा जा रहे थे। इस दौरान टिम्टा के पास कार में ब्रेक नहीं लगे। कार अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराकर सड़क पर ही पलट गई। इस दौरान गाड़ी चला रहे देवेंद्र गाड़ी के नीचे दब गये। हादसे होता देख मौके पर यातायात रूक गया। इस दौरान लोगों ने आनन-फानन में देवेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गंगोलीहाट थाना प्रभारी हीरा सिंह डांगी ने बताया कि कार में सवार देवेंद्र सिंह की बहन पुष्पा देवी और चार साल का बेटा वीरा घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। इधर हादसे की सूचना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।