उत्तराखण्ड में एक और बड़ा हादसा! गंगनहर में गिरी तेज रफ्तार कार, दो युवकों की मौत से पसरा मातम
रुड़की। उत्तराखण्ड में एक और बड़ा हादसा हुआ है। यहां हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर गंगनहर में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस के मुताबिक शनिवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर झाल के पास एक कार गंगनहर में गिरी हुई है। सूचना पर तत्काल मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां पर उन्होंने देखा कि एक ग्रे रंग की किया सेल्टोस कार गंगनहर में डूबी हुई है। जिसके बाद पुलिस टीम ने झाल कर्मियों की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पानी के भीतर कार की तलाशी के दौरान उसमें दो युवक अचेत अवस्था में मिले। पुलिस टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला गया और 108 एम्बुलेंस की मदद से रुड़की के सिविल अस्पताल भिजवाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय सौरभ शर्मा और 25 वर्षीय पुनीत, निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।