ऊधम सिंह नगर में रेप का एक और मामला! रुद्रपुर के बाद अब खटीमा में किशोरी से हैवानियत, हाथ-पांव बांधकर पड़ोस के युवक ने किया दुष्कर्म
खटीमा। उत्तराखंड के जनपद ऊधम सिंह नगर में महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रुद्रपुर में सरस मेले से लौट रही महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि अब सीमांत क्षेत्र खटीमा से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खटीमा विकासखंड के एक गांव निवासी किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर मिलने के बाद खटीमा कोतवाली पुलिस द्वारा तत्परता के साथ आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता की मां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि, 11 फरवरी को वह खेत में घास काटने गई थी। वहीं पति मजदूरी करने गए थे। जबकि दोनों बेटे बकरी चराने घर से बाहर थे। घर में 16 साल की बेटी पढ़ाई कर रही थी। इसी वक्त पड़ोस में रहने वाला युवक नरेंद्र उर्फ नरी राम घर के अंदर घुस गया। घर को अंदर से बंद कर उसने बेटी के हाथ पांव बांध उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद इस विषय के बारे में किसी को बताने पर मां पिता और भाइयों को जान से मारने की धमकी दी। डरी सहमी बेटी ने डर के कारण कुछ नहीं बताया। यह मामला उनके संज्ञान में तब आया, जब बेटी का पैर टूट गया तो उपचार के लिए दिल्ली गए। इस दौरान बेटी के उपचार के दौरान मां को उसके स्वास्थ्य को लेकर घबराहट हुई. जिसके बाद बेटी ने दुष्कर्म के घटना क्रम के बारे में बताया। जिसके बाद 23 फरवरी को खटीमा आकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई। पीड़िता की मां ने आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। खटीमा कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीती देर शाम आरोपी नरेंद्र उर्फ नरी राम के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है। कोतवाल विजेंद्र शाह के बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।