6 मई को खुलेंगे बाबा केदार के कपाट! 2 को धाम के लिए रवाना होगी बाबा की डोली, मुख्य पुजारियों की हुई नियुक्ति
देहरादून। बाबा केदार के कपाट आगामी 6 मई को प्रातः 6 बजकर 25 मिनट पर भक्तों के लिए खोल दिये जायेंगे, जबकि 2 मई को बाबा की डोली धाम के लिए रवाना होगा। आज शिवरात्रि के मौके पर भगवान केदारनाथ के कपाट खोलने और पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली के ऊखीमठ से कैलाश रवाना होने की तिथि घोषित कर दी गयी। इस दौरान शीतकालीन गद्दीस्थल आंेकारेश्वर मंदिर में रावल भीमाशंकर लिंग, मन्दिर समिति के पदाधिकारियों, विद्वान आचार्यों व हक-हकूकधारियों की मौजूदगी में पंचाग गणना के अनुसार घोषित कर दी गई है। बताया गया कि 1 मई को भगवान भैरवनाथ का पूजन किया जायेगा और दो मई को बाबा केदार की डोली को सभामंडप पर लाने के बाद डोली धाम के लिए रवाना होगी। डोली रात्रि प्रवास गुप्तकाशी में करेगी। तीन को डोली रामपुर में रात्रि प्रवास के बाद गौरीकुण्ड के लिए रवाना होगी। पांच को बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली धाम के लिए रवाना होगी और अगले दिन बाबा केदारनाथ के कपाट खोल दिये जायेंगे। महाशिव रात्रि पर्व पर इस वर्ष धाम में पूजाओं के लिए मुख्य पुजारियों भी नियुक्ति कर दी गई है। केदारनाथ धाम की जिम्मेदारी एम टी गंगाधर लिंग को सौंपी गई है तो मदमहेश्वर धाम में शिव शंकर लिंग तैनात रहेंगे। ओंकारेश्वर मंदिर में शिव लिंग व विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी में शशिधर लिंग पूजा.अर्चना करेंगे। इसके अलावा बागेश लिंग को अतिरिक्त पुजारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य पुजारी शिव शंकर लिंग ने बताया कि केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि घोषित कर दी गई है।
