बागेश्वरः जिला खनन न्यास में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप! कांग्रेस का धरना 11वें दिन भी जारी
बागेश्वर। बागेश्वर में जिला कांग्रेस के तत्वावधान में जिला खनन न्यास में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर चल रहा धरना-प्रदर्शन आज भी जारी रहा। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बसंत कुमार ने कहा जिला प्रशासन ने इस पूरे मामले में अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कई दिनों से आंदोलन के बावजूद प्रशासन की ओर से धरना-प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया है। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी बनी हुई है। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी दिनों में आंदोलन को और उग्र रूप देने को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा और जल्द ही उग्र आंदोलन किया जाएगा।