बागेश्वरः फर्जी सोशल मीडिया आईडी से छवि धूमिल करने का आरोप! पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण सख्त, कोतवाली पहुंचकर दी तहरीर
बैजनाथ। सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर नाम का दुरुपयोग करने और भ्रामक खबरें फैलाकर छवि धूमिल करने के मामले में कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अधिवक्ता साथियों के साथ बैजनाथ कोतवाली पहुंचकर संबंधित आईडी संचालित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ तहरीर दी और पुलिस से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। ललित फर्स्वाण का आरोप है कि सोशल मीडिया पर उनके नाम का दुरुपयोग कर भ्रामक जानकारी प्रसारित की जा रही है, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना या गलत जानकारी फैलाना उचित नहीं है। पूर्व विधायक ने पुलिस से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय तथ्यों और जिम्मेदारी का ध्यान रखना जरूरी है। किसी के नाम से फर्जी आईडी बनाकर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के आरोपों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। फर्स्वाण ने चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं होती और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने का सिलसिला जारी रहता है, तो वह पुलिस कार्यालय में धरने पर बैठने के लिए मजबूर होंगे। अब पुलिस की जांच और इस मामले में होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।