बागेश्वरः अखिलेश यादव की टिप्पणी पर भड़का जनाक्रोश! भाजयुमो ने फूंका पुतला, देवभूमि के स्वाभिमान से खिलवाड़ न करने की दी चेतावनी
बागेश्वर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के निवासियों के संदर्भ में की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर पर्वतीय क्षेत्र में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। इस बयान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए शहर के मुख्य चौराहे पर अखिलेश यादव का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। भाजयुमो जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड केवल एक भूभाग नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और गौरवशाली परंपराओं से समृद्ध पावन देवभूमि है। प्रदेश के स्वाभिमानी निवासियों और यहां की संस्कृति पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। विरोध-प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत ने कहा कि देवभूमि की अपनी एक विशिष्ट पहचान और समृद्ध ऐतिहासिक विरासत है। उत्तराखंड की जनता अपने सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करना भली-भांति जानती है और किसी भी अपमानजनक बयान के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने का पूरा अधिकार रखती है। भाजयुमो नेताओं ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि लंबे समय तक उच्च संवैधानिक पदों पर रहे नेताओं को अपनी भाषा और मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदार पदों पर बैठे व्यक्तियों से जिम्मेदारी भरे व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। उत्तराखंड के लोगों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयानों से नेताओं को बचना चाहिए।