भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा बने कैबिनेट मंत्री! विधानसभा क्षेत्र में जश्न का माहौल, समर्थकों में खुशी की लहर
नैनीताल। भीमताल क्षेत्र में आज उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब विधायक राम सिंह कैड़ा को उत्तराखण्ड सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की घोषणा हुई। इस खबर के सामने आते ही पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताते हुए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। लोगों का कहना है कि राम सिंह कैरा के मंत्री बनने से भीमताल और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की और आतिशबाजी कर जश्न मनाया। कई जगहों पर समर्थकों ने एकत्र होकर नारेबाजी की और इस ऐतिहासिक क्षण का स्वागत किया। स्थानीय निवासियों ने उम्मीद जताई कि कैबिनेट मंत्री बनने के बाद राम सिंह कैरा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएंगे और विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे। कुल मिलाकर यह खबर भीमताल क्षेत्र के लिए गर्व और उत्साह का कारण बन गई है, जहां हर ओर जश्न और उम्मीद का माहौल नजर आ रहा है।