हरिद्वार में बड़ा हादसाः गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवक गंगा में बहा! मचा हड़कंप, जसपुर के दो भाई भी नदी में बहे
हरिद्वार। उत्तराखण्ड में लगातार हुई बारिश से जहां पहाड़ों पर भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं, वहीं नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच हरिद्वार में एक बड़ा हादसा हो गया है, यहां मंगलवार रात कनखल थाना क्षेत्र के राजघाट के पास रात के समय मूर्ति विसर्जन के दौरान एक युवक गंगा में डूबकर लापता हो गया। बताया जा रहा है कि 38 वर्षीय निखिल गुप्ता गणेश प्रतिमा विसर्जन में शामिल हुआ था। विसर्जन के समय उसका संतुलन बिगड़ा और वो पानी की तेज धारा में बहता चला गया। युवक के बहते ही लोगों में अफरा तफरी मच गई। निखिल गुप्ता कनखल के संदेश नगर, परमधाम आश्रम के पास का रहने वाला बताया जा रहे हैं। अंधेरा होने की वजह से वो मिनटों में ही गंगा में लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवक की काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। अंधेरा होने की वजह से सर्च अभियान में परेशानी हुई। सुबह होते ही फिर से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इधर जसपुर के मोहल्ला नत्था सिंह निवासी दो भाई धर्मेंद्र तथा विजेंद्र सिंह अफजलगढ़ स्थित भूतपुरी रामगंगा नदी घाट पर गणपति जी की मूर्ति विसर्जित करने के दौरान नदी में डूब गए। गोताखोर दोनों की तलाश में जुटे हुए थे। देर रात तक उनका पता नहीं चला था। इधर सुबह उनकी तलाश में फिर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।