उत्तराखण्ड में बड़ा हादसाः उत्तरकाशी में मिट्टी निकालते समय मलबे में दबीं पांच महिलाएं! एक की मौत, तीन को दून एयरलिफ्ट करने की तैयारी
देहरादून। उत्तरकाशी से एक दुखद खबर सामने आई है यहां मिट्टी निकालते समय पांच महिलाएं मलबे की चपेट में आ गई। इस हादसे में एक महिला की मौत होने की खबर है, जबकि अन्य महिलाओं को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से तीन की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें एयरलिफ्ट कर देहरादून भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना सुबह साढ़े सात बजे के आसपास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी जिले के मोरी तहसील के फिताडी गांव निवासी 30 वर्षीय सुरी पत्नी विद्वान सिंह, 33 वर्षीय कस्तूरी पत्नी ज्ञान सिंह, 35 वर्षीय सुशीला पत्नी रणवीर सिंह, 26 वर्षीय विपिना पत्नी रामलाल और 45 वर्षीय राजेंद्री पत्नी बहादुर सिंह मिट्टी निकालने के लिए गए थे, तभी मलबे की चपेट में आने से तीनों दब गए।
सूचना पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने पांचों को मलबे से निकाला। इस दौरान गंभीर रुप से घायल सुरी पत्नी विद्वान सिंह की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी लाते समय मौत हो गई। वहीं घायल विपीना देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर मोरी अस्पताल में भर्ती तीन घायलों को एयरलिफ्ट कर देहरादून भेजनी की तैयारी की जा रही है। जिला प्रशासन इसके लिए शासन स्तर पर बात कर रहा है।
मोरी अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डाक्टर नरेश ने बताया कि चार घायलों में से तीन घायलों की स्थिति गंभीर है। जिन्हें हैं एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर किया जा रहा है। तीनों घायलों को एम्स ऋषिकेश पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन हेलीकाप्टर की व्यवस्था कर रहा है।