उत्तराखण्ड में बड़ा हादसाः किच्छा के पास श्रृद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटी! कई लोगों की मौत की खबर, हर तरफ मची चीख-पुकार
उत्तराखण्ड में आज एक बड़ा हादसा हो गया। यहां ऊधम सिंह नगर जिले में किच्छा के पास श्रृद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 10 से अधिक लोगों के मरने की खबर सामने आ रही है, हांलाकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है, लेकिन बताया जा रहा है कि हादसा भयावह था और 35 से अधिक लोग घायल हो गए।


घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है जिनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर हादसे के बाद मौके पर लोगों की खासी भीड़ जुटी हुई है और हर तरफ चीख-पुकार मची है। मौके पर पुलिस और जिला प्रशासन के लोग राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार शक्ति फार्म क्षेत्र के बसगर गांव निवासी करीब 45 से 50 श्रद्धालु बॉर्डर स्थित यूपी क्षेत्र में आने वाले उत्तम नगर स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेकने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उत्तम नगर गुरुद्वारे में हर रविवार को गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ और लंगर का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

जिसमें शामिल होने के लिए श्रद्धालु ट्रॉली में सवार होकर निकले थे। जैसे ही ट्रैक्टर ट्राली सिरसा चौकी के पास पहुंची तो पीछे से आ रहे ट्रक ने अनियंत्रित गति से उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई लोगों की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।