बड़ा हादसाः उत्तरकाशी में आंधी-तूफान का कहर! कार के ऊपर गिरा भारी भरकम पेड़, एक की मौत
उत्तरकाशी। उत्तराखण्ड में जहां मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं पहाड़ों पर मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। कई जगहों पर बारिश और तूफान के चलते मुश्किलें बढ़ रही है और हादसे भी हो रहे हैं। उत्तरकाशी में एक बड़ा हादसा हो गया। इस दौरान आंधी-तूफान के बीच एक कार के ऊपर अचानक पेड़ गिर गया। इस दौरान सवार एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक गंभीर घायल है। तहसील मोरी डेल्टा की ओर से बताया गया कि पुरोला, मोरी मोटर मार्ग पर डेरिका से एक किलोमीटर आगे आंधी तूफान होने से एक कार के ऊपर चीड़ का पेड़ गिर गया। कार में सवार एक व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल व्यक्ति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला में भेजा गया है।