• Home
  • News
  • Big Breaking: Election Commission announces Rajya Sabha elections for 37 seats across 10 states! Voting on March 16, counting the votes the same day.

बिग ब्रेकिंगः चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की 37 सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव का किया ऐलान! 16 मार्च को मतदान, उसी दिन होगी मतगणना

  • Awaaz Desk
  • February 18, 2026 07:02 AM
Big Breaking: Election Commission announces Rajya Sabha elections for 37 seats across 10 states! Voting on March 16, counting the votes the same day.

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने 10 राज्यों में खाली हो रही 37 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक राज्यसभा चुनाव का ऐलान कर दिया है। मतदान की तिथि 16 मार्च 2026 है और मतगणना मतदान के दिन ही होगी। बता दें कि महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार की खाली हो रही राज्यसभा सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक ये सीटें अप्रैल महीने में अलग-अलग तारीखों को खाली हो रही हैं। राज्यसभा का कार्यकाल छः साल का होता है। लेकिन हर एक तिहाई सीटों के लिए हर दो साल पर द्विवार्षिक चुनाव कराए जाते हैं। सबसे बड़ी बात ये है कि लोकसभा की तरह राज्यसभा कभी भंग नहीं होती है, इसीलिए इसे स्थाई सदन कहा जाता है।खबरों के मुताबिक चुनाव के लिए राज्यसभा चुनाव का नोटिफिकेशन 26 फरवरी 2026 को जारी होगा। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 5 मार्च 2026 है। वहीं नामांकनों की जांच 6 मार्च को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 9 मार्च 2026 है। चुनाव के लिए वोटिंग 16 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे शुरू होगी। चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तारीख 20 मार्च 2026 है।

कैसे कराए जाते हैं राज्यसभा चुनाव? 
राज्यसभा के चुनाव लोकसभा से बहुत अलग होते हैं। यहां जनता सीधे वोट नहीं डालती। राज्यसभा के सदस्यों को राज्यों की विधानसभाओं के विधायक चुनते हैं। यह अप्रत्यक्ष चुनाव होता है। राज्यसभा में कुल 245 सदस्य होते हैं, जिनमें से 233 सदस्य राज्यों और कुछ केंद्रशासित प्रदेशों से चुने जाते हैं और 12 को राष्ट्रपति नामित करते हैं। हर सदस्य का कार्यकाल 6 साल का होता है और हर 2 साल में करीब एक-तिहाई सदस्य रिटायर होते हैं, इसलिए चुनाव नियमित रूप से होते रहते हैं।


संबंधित आलेख: