• Home
  • News
  • Big Breaking: Mystery behind the explosion on the Anupgarh-Suratgarh railway line solved! The act was carried out on the third attempt, following two failed tries; two individuals arrested.

बिग ब्रेकिंगः अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर हुए विस्फोट की गुत्थी सुलझी! दो नाकाम कोशिशों के बाद तीसरी बार में दिया था वारदात को अंजाम, दो गिरफ्तार

editor
  • Awaaz Desk
  • November 15, 2026 09:11 AM
Big Breaking: Mystery behind the explosion on the Anupgarh-Suratgarh railway line solved! The act was carried out on the third attempt, following two failed tries; two individuals arrested.

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस और एटीएस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस आतंकी साजिश के आरोप में पुलिस ने मुख्य आरोपी महकदीप कौर और उसके सहयोगी देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंटों ने पहले महकदीप को अपने प्यार के जाल में फंसाया और फिर पैसों का लालच देकर रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश में शामिल किया। पुलिस और एटीएस की संयुक्त पूछताछ में महकदीप कौर ने बताया कि उसका पति ड्रग्स मामले में जेल में बंद है और उसका तलाक हो चुका है। इसी का फायदा उठाकर पाकिस्तान में बैठे 'शाह' और 'चाचा' नाम के दो हैंडलरों ने उससे संपर्क साधा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 'शाह' और 'चाचा' आईएसआई एजेंटों के कोड नेम हैं। राजस्थान पुलिस के एडीजीपी और एटीएस प्रमुख दिनेश एमएन ने बताया कि जांच में ऐसे पुख्ता सबूत मिले हैं, जिनसे पुष्टि होती है कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलर 'शाह' ने ही दोनों आरोपियों को आईईडी (IED) मुहैया कराया था और धमाके के लिए स्थान भी चिह्नित किया था। गौरतलब है कि बीती 3 नवंबर को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर गांव 50 जीबी के समीप जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो से तीन स्लीपर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, उनके अंदर का सरिया बाहर निकल आया था और पटरी के क्लिप भी उखड़ गए थे। यह धमाका अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जाने वाली ट्रेन के गुजरने के कुछ ही देर बाद हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि साजिशकर्ताओं के निशाने पर अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन थी। घटना की सूचना मिलते ही श्रीगंगानगर के एसपी हरि शंकर ने मौके पर पहुंचकर अहम साक्ष्य जुटाए थे। एटीएस प्रमुख दिनेश एमएन ने यह भी खुलासा किया कि महकदीप और देवेंद्र इस वारदात को अंजाम देने के लिए इलाके में तीन बार आए थे। उनकी शुरुआती दो कोशिशें नाकाम रही थीं, लेकिन तीसरी बार में उन्होंने धमाका कर दिया। जांच एजेंसियों का मानना है कि आईएसआई अब जासूसी और आतंकी घटनाओं के लिए एक नया पैटर्न अपना रही है, जिसके तहत अकेली महिलाओं और युवतियों को प्रेम जाल और धन का प्रलोभन देकर मोहरा बनाया जा रहा है। इससे पूर्व गंगापुर सिटी से भी आईएसआई के जाल में फंसी बबीता नामक महिला को गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य तार खंगाल रही है।


संबंधित आलेख: