• Home
  • News
  • Big Breaking: Shots fired at Tiger Shroff’s car; four suspects arrested within 16 hours

बिग ब्रेकिंगः टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग, 16 घंटे में चार संदिग्ध गिरफ्तार

editor
  • Awaaz Desk
  • October 19, 2026 07:10 AM
Big Breaking: Shots fired at Tiger Shroff’s car; four suspects arrested within 16 hours

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। घटना के बाद सामने आई जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने करीब 16 घंटे के भीतर चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन को राजस्थान के कोटा स्थित रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र से पकड़े जाने की बात सामने आई है, जबकि एक अन्य संदिग्ध को महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक, कोटा से पकड़े गए तीनों संदिग्ध मुंबई से ट्रेन के जरिए निकले थे। उनकी मौजूदगी की सूचना पुणे-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन के संबंध में मिली थी। संदिग्धों की पहचान फूल सिंह, रितिक कुमार और रेहान के रूप में हुई है। फूल सिंह हरियाणा का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि रितिक कुमार बिहार के बेगूसराय और रेहान हरियाणा के सोनीपत से है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त करने के साथ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की दिशा में भी कार्रवाई की है। बता दें कि 18 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ जुहू स्थित फुटबॉल मैदान से अपनी कार में निकल रहे थे। उस समय मौके पर प्रशंसकों की भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान कुछ हमलावरों ने उनकी कार पर सात राउंड फायरिंग की। घटना में टाइगर बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। अभिनेता करणवीर मेहरा और अभिषेक बजाज की गाड़ियां भी उस समय टाइगर की कार के पीछे चल रही थीं। गोलीबारी के बाद टाइगर अपने घायल ड्राइवर को लेकर अस्पताल पहुंचे। घटना के दौरान अभिनेता को भी मामूली चोटें आई। बाद में पुलिस की सुरक्षा के बीच उन्हें घर पहुंचाया गया। अभिनेता के पिता जैकी श्रॉफ और मां आयशा की ओर से भी उनके सुरक्षित होने की जानकारी दी गई है।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप सामने आई है, जिसमें अमेरिका में मौजूद गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधू ने हमले की जिम्मेदारी ली है। ऑडियो में सलमान खान को भी धमकी देते हुए लॉरेंस बिश्नोई और बिश्नोई समाज से माफी मांगने को कहा गया है। साथ ही, सलमान के साथ काम करने वाले फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को भी धमकाया गया है। बता दें कि अनिल पंडित का नाम इससे पहले मार्च 2026 में हरियाणा के पानीपत स्थित एक मनी एक्सचेंज कार्यालय पर हुई गोलीबारी के मामले में भी सामने आया था। उस घटना में असंध रोड स्थित कार्यालय पर बाइक सवार हमलावरों ने सात गोलियां चलाई थीं। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच में विदेश में बैठे लोगों के निर्देश पर स्थानीय युवकों से वारदात कराने और इसके लिए 65 हजार रुपये दिए जाने की बात सामने आई थी। बताया जाता है कि पानीपत निवासी अनिल पंडित वर्ष 2024 में अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचा था। उसके कथित नेटवर्क को लेकर हरि चंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर का नाम भी सामने आया है।


संबंधित आलेख: