रामनगर में बड़ा अग्निकाण्ड! मैकेनिक की दुकान में लगी भीषण आग, कई बाइकें और सामान जलकर हुआ राख
रामनगर। रामनगर में एक बड़ा अग्निकाण्ड हुआ है, यहां टांडा क्षेत्र में बीती देर रात एक मोटरसाइकिल मैकेनिक की दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा आग लगने की वजहों की पड़ताल की जा रही है। बताया जा रहा है कि दुकान स्वामी मेहरबान रविवार शाम को अपनी दुकान बंद कर ईद मनाने अपने घर स्वार, उत्तर प्रदेश रवाना हो गया था, जिसके बाद दुकान में आग लगी। स्थानीय लोगों के अनुसार आग रात को अचानक लगी। दुकान से कुछ दूरी पर स्थित एक घर के व्यक्ति ने जब धुआं उठते देखा तो उसने तुरंत आसपास के लोगों को सूचित किया। आग में मेहरबान ऑटो पार्ट्स की दुकान में रखी 8 मोटरसाइकिलें जलकर राख हो गईं। इसके अलावा दुकान में मोटर पार्ट्स और अन्य सामान भी पूरी तरह से जल गए। दुकान स्वामी मेहरबान ने बताया कि उसे करीब 7 से 8 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग इस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के कारणों की पड़ताल जारी है।