बड़ी खबरः मणिपुर में 4 कुकी विद्रोहियों की गोली मारकर हत्या! इलाके में भारी सुरक्षाबलों की तैनाती

नई दिल्ली। मणिपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां 4 लोगों की हत्या कर दी गयी। पुलिस ने बताया कि सोमवार दोपहर को मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के पास एक गाड़ी पर सवार अज्ञात बंदूकधारियों ने इस घटना को अंजाम दिया। इस गोलीबारी में 72 वर्षीय एक महिला समेत चार लोगों की हत्या कर दी गई। सूत्रों के अनुसार ये हत्याएं राज्य में जातीय तनाव से संबंधित नहीं हैं, बल्कि कुकी विद्रोहियों के बीच संघर्ष के कारण हुई हैं। यह हमला दोपहर करीब 2 बजे चुराचांदपुर के मोंगजांग गांव के पास हुआ। इसमें बताया गया है कि पीड़ित एक एसयूवी में यात्रा कर रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया। टार्गेटेड हमले के पीड़ितों की पहचान 48 वर्षीय थेनखोथांग हाओकिप उर्फ थापी, 34 वर्षीय सेखोगिन, 35 वर्षीय लेंगोहाओ और 72 वर्षीय महिला फाल्हिंग के रूप में की गई है। चुराचांदपुर जिला मुख्यालय के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट्स से पता चलता है कि उन्हें बहुत नजदीक से गोली मारी गई थी। घटनास्थल से एक दर्जन से अधिक खाली कारतूस बरामद किए गए हैं, जबकि किसी भी गुट ने अभी तक हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। घटना के बाद घटनास्थल को सुरक्षित करने और तलाशी अभियान शुरू करने के लिए पुलिस और अतिरिक्त सुरक्षा बलों को इलाके में तैनात किया गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। अभी तक घटनाओं के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।