बड़ी खबरः इनकम टैक्स विभाग की देशभर में बड़ी कार्रवाई! उत्तराखण्ड-यूपी समेत कई राज्यों में ताबड़तोड़ छापेमारी, मंत्री, नेता और कारोबारी निशाने पर
नई दिल्ली। इनकम टैक्स विभाग ने आज देशभर में एकसाथ 100 ठिकानों पर छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि मिड-डे मील में कमाई, पॉलीटिकल फंडिंग में टैक्स चोरी और शराब घोटालों के सिलसिले में की गई है। सूत्रों की मानें तो उत्तराखण्ड, दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत 7 राज्यों में आईटी के छापे जारी हैं। राजस्थान के राज्यमंत्री राजेंद्र यादव और उनके रिश्तेदारों के 53 से ज्यादा जगहों पर इनकम टैक्स की की रेड पड़ी है। बुधवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे से छापा चल रहा है। मामला मिड डे मील की सप्लाई में गड़बड़ी से जुड़ा है। कोटपूतली में मिड डे मील का राशन सप्लाई करने वाली जिस फैक्ट्री में छापेमारी हुई है, वह राजेंद्र यादव की बताई जा रही है। उनके जयपुर स्थित सरकारी और निजी आवासके अलावा कुछ ठिकानों पर टीमें मौजूद हैं। मिड-डे मील मामले में ही इनकम टैक्स की टीमों ने महाराष्ट्र में कई ठिकानों पर छापा मारा है। ये छापे कहां-कहां पड़े हैं, यह जानकारी अभी साफ नहीं हो पाई है। छत्तीसगढ़ में IT ने कुछ शराब कारोबारियों के यहां छापा मारा है। इनमें एक शराब कारोबारी का नाम अमोलक सिंह बताया जा रहा है। रामदास अग्रवाल, उनके बेटे अनिल, एश्वर्या किंगडम के आरके गुप्ता के घर रेड मारी गई है। ये मामला शराब घोटाले और टैक्स चोरी से जुड़ा है। IT की टीम यूपी के 24 शहरों में छापेमारी कर रही है। राजधानी लखनऊ में बुधवार IT की टीम बुधवार सुबह राष्ट्रीय क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी चीफ गोपाल राय के घर पहुंची। गोपाल राय केंद्रीय लोक शिकायत और जांच संस्थान नाम से संस्था चलाते हैं। वह संस्था के चेयरमैन हैं। उनके घर कागजों की जांच चल रही है। मामला पॉलिटिकल फंडिंग और टैक्स चोरी से जुड़ा है।