बड़ी खबरः राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े डेटा में सेंधमारी! अग्निवीरों की जानकारी बेचने की साजिश नाकाम, 14 वर्षीय नाबालिग के डिवाइस से मिला संदिग्ध डेटा
नई दिल्ली। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील डेटा में सेंधमारी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस यूनिट ने हरियाणा के बल्लभगढ़ से एक 14 वर्षीय किशोर को पकड़ा है। नाबालिग पर आरोप है कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से करीब 4 हजार अग्निवीरों का गोपनीय डेटा चोरी किया और उसे इंटरनेट की काली दुनिया यानी डार्क वेब पर बेचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह डेटा एक ऐसी वेबसाइट से चुराया गया था, जिसे पूर्व अग्निवीरों के पंजीकरण और अन्य सरकारी विभागों में उनके लिए रोजगार के अवसर तलाशने के उद्देश्य से तैयार किया गया था। आरोपी किशोर ने आधुनिक एआई टूल्स का इस्तेमाल कर इस वेबसाइट की सुरक्षा में सेंध लगाई और करीब 4,000 अग्निवीरों की निजी जानकारियां निकाल लीं। इसके बाद उसने डार्क वेब पर एक विज्ञापन पोस्ट कर दावा किया कि उसके पास अग्निवीरों का डेटाबेस मौजूद है। वह इस पूरे डेटा को 500 अमेरिकी डॉलर में बेचने के लिए खरीदारों की तलाश कर रहा था। साइबर निगरानी के दौरान डार्क वेब पर इस विज्ञापन के दिखने के बाद दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट तुरंत सक्रिय हुई और तकनीकी जांच के आधार पर बल्लभगढ़ निवासी इस किशोर तक जा पहुंची। पुलिस ने आरोपी के डिजिटल उपकरणों की जांच की, जिसमें से अग्निवीरों का संदिग्ध डेटा बरामद हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर अग्निवीरों के मूल डेटा की जानकारी मांगी है। अब पुलिस बरामद किए गए डिजिटल डेटा का गृह मंत्रालय से प्राप्त आधिकारिक डेटा से मिलान कर इसकी सत्यता की पुष्टि करेगी। आवश्यक कानूनी पूछताछ और जांच के बाद किशोर को फिलहाल छोड़ दिया गया है। डार्क वेब इंटरनेट का वह छिपा हुआ हिस्सा है, जहां अवैध और गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम दिया जाता है। इसे गूगल या क्रोम जैसे सामान्य ब्राउजर से नहीं खोला जा सकता, बल्कि इसके लिए विशेष सॉफ्टवेयर और एन्क्रिप्टेड ब्राउजर की आवश्यकता होती है।