बड़ी खबरः उत्तराखण्ड समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट! 14 और 15 सितंबर को जमकर बरसेंगे मेघ, महाराष्ट्र-बंगाल में हालात बेहद खराब
देहरादून/नई दिल्ली। देशभर में बारिश का दौर लगातार जारी है, कई राज्यों में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। मौसम विभाग ने उत्तराखण्ड समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो उत्तराखंड में 14 और 15 सितंबर को भारी बारिश के आसार हैं, यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार के 26 जिलों में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इधर बंगाल और महाराष्ट्र में मंगलवार को बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया है।
मध्यप्रदेश में अगले 2 दिन जोरदार बारिश होने वाली है। भोपाल में सोमवार शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी है। इंदौर में रात 9 बजे से 11 बजे तक जोरदार बारिश हुई। छिंदवाड़ा भी सोमवार सुबह से भीग रहा है। मौसम विभाग ने सिस्टम के एक्टिव रहने से भोपाल, सागर, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में अच्छी बारिश का दौर एक बार फिर शुरू हो सकता है। बीते 48 घंटे में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई। इससे तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट रही है। तेज गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है। बिहार में अगले 48 घंटे के लिए 26 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें से आज 8 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों में रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, नवादा, गया, भागलपुर, बांका और जमुई शामिल है। इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। लगातार बारिश से कई जिलों में नदियां उफान पर हैं। बाढ़ का पानी गांवों में भी घुस गया है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।