• Home
  • News
  • Big News: If Diljit Dosanjh’s show takes place, there will be grenade attacks for 30 days! Mumbai Mayor and Commissioner receive a chilling email; security agencies on high alert.

बड़ी खबरः दिलजीत दोसांझ का शो हुआ तो 30 दिन तक होंगे ग्रेनेड हमले! मुंबई मेयर और कमिश्नर को मिला खौफनाक ईमेल, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

editor
  • Awaaz Desk
  • November 26, 2026 12:11 PM
 Big News: If Diljit Dosanjh’s show takes place, there will be grenade attacks for 30 days! Mumbai Mayor and Commissioner receive a chilling email; security agencies on high alert.

नई दिल्ली। 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की 18वीं बरसी के मौके पर गुरुवार को एक बार फिर मायानगरी को दहलाने की सनसनीखेज धमकी मिली है। एक अज्ञात धमकी भरे ईमेल के जरिए बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले 'जलसा', बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) मुख्यालय स्थित मेयर कार्यालय और मुंबई के मेट्रो रेल नेटवर्क को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। इस ईमेल में शुक्रवार, 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में आयोजित होने वाले मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट को भी सीधे तौर पर निशाना बनाने की बात कही गई है। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिड़े को संबोधित करते हुए भेजे गए इस ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। मेल भेजने वाले ने खालिस्तान और 1984 के सिख-विरोधी दंगों का हवाला देते हुए 'बब्बर खालसा (परमार-कनाडा)' और 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' का नाम लिया है। ईमेल में स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी गई है कि यदि शुक्रवार को मुंबई में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट आयोजित किया गया, तो पूरे शहर में अगले 30 दिनों तक लगातार ग्रेनेड हमले किए जाएंगे।

गौरतलब है कि दिलजीत दोसांझ के शो को लेकर यह पहली धमकी नहीं है। महज दो दिन पहले ही 29 नवंबर को बेंगलुरु के मदावारा स्थित नाइस (NICE) ग्राउंड्स में होने वाले उनके कॉन्सर्ट के दौरान आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से धमाका करने की धमकी भरा ईमेल सामने आया था। लगातार मिल रही इन धमकियों के बाद मुंबई और बेंगलुरु दोनों शहरों की पुलिस और खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। मुंबई में प्रतिष्ठित स्थानों को इस तरह की धमकी मिलने का यह सिलसिला नया नहीं है। इसी महीने बीते 12 नवंबर को भी एक धमकी भरे ईमेल के बाद पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। उस ईमेल में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, महालक्ष्मी स्टेडियम, मेयर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' और पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। फिलहाल, मुंबई पुलिस की साइबर सेल और क्राइम ब्रांच ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रेस करने में जुट गई हैं, वहीं प्रमुख स्थलों और कॉन्सर्ट स्थल की सुरक्षा बेहद सख्त कर दी गई है।


संबंधित आलेख: