• Home
  • News
  • Big news: Incidents of communal tension have rocked three states! Stone-pelting followed reports of vandalism at a temple complex in Jabalpur, and Section 144 has been imposed in Bagalkot.

बड़ी खबरः तीन राज्यों में सांप्रदायिक तनाव की घटनाओं से हड़कंप! जबलपुर में मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की खबर पर पथराव, बागलकोट में धारा 144 लागू

  • Awaaz Desk
  • February 20, 2026 05:02 AM
Big news: Incidents of communal tension have rocked three states! Stone-pelting followed reports of vandalism at a temple complex in Jabalpur, and Section 144 has been imposed in Bagalkot.

नई दिल्ली। देश के तीन राज्यों में अलग-अलग जगहों पर सांप्रदायिक तनाव की खबरें सामने आई हैं, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा तहसील के वार्ड क्रमांक 5 आजाद चौक क्षेत्र में गुरुवार रात दुर्गा मंदिर परिसर में कथित तोड़फोड़ की खबर से तनाव फैल गया। बताया जाता है कि मंदिर में आरती और मस्जिद में नमाज लगभग एक ही समय पर चल रही थी, इसी दौरान किसी बात पर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट और पथराव तक पहुंच गई। इधर कर्नाटक के बागलकोट में शिवाजी जयंती यात्रा के दौरान मस्जिद के पास पथराव का मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को हटाकर स्थिति कंट्रोल कर ली है। वहीं हैदराबाद के अंबरपेट में जामा मस्जिद के पास शिवाजी जयंती जुलूस और रमजान की नमाज के दौरान हल्का तनाव हुआ। तेज संगीत और नारेबाजी को लेकर कहासुनी हुई, लेकिन पुलिस की तत्परता से हालात जल्द सामान्य हो गए। फिलहाल तीनों जगह प्रशासन ने शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। 

मध्य प्रदेशः यहां जबलपुर जिले के सिहोरा तहसील वार्ड क्रमांक 5 आजाद चौक क्षेत्र में गुरुवार की रात दुर्गा मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की खबर से तनाव की स्थिति बन गई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात पथराव तक पहुंच गयी। विवाद की जानकारी मिलने के बाद जिला मुख्यालय से पुलिस अधिकारियों के साथ बल को रवाना किया गया। सिहोर थाना पुलिस सहित आसपास के थानों का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने तत्काल रूप से स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। घटना के बाद से आजाद चौक क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। जानकारी मुताबिक आजाद चौक क्षेत्र को पहले से ही अतिसंवेदनशील माना जाता रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना के वक्त मंदिर में आरती और मस्जिद में नमाज करीब एक ही वक्त पर हो रही थी, इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की गई है।

कर्नाटकः कर्नाटक के बागलकोट में मस्जिद के सामने से शिवाजी जयंती यात्रा के दौरान विवाद सामने आया है। शिवाजी जयंती यात्रा के दौरान जुलूस एक मस्जिद के सामने से गुज़र रहा था। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि मस्जिद से एक पत्थर उड़कर आया। पुलिस ने दोनों तरफ से इकट्ठा हुए सभी लोगों को हटा दिया है और स्थिति नियंत्रण में है। बागलकोट के एसपी ने बताया कि हमें पता चला है कि दो पत्थर फेंके गए हैं। शहर में अगले 4 दिनों के लिए धारा 144 लागू कर दी गई है। पत्थरबाजी के मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गयाण् स्थिति कंट्रोल में है। 

हैदराबादः हैदराबाद के अंबरपेट में मस्जिद के पास भी मामूली सांप्रदायिक तनाव का मामला सामने आया है। विवाद के बाद पुलिस ने जल्द ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया। जानकारी के मुताबिक मस्जिद के सामने से शिवाजी जयंती का जुलूस गुजर रहा था। उसी वक्त मस्जिद में रमजान की नमाज चल रही थी। जुलूस के दौरान तेज संगीत और नारेबाजी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। विवाद शुरू होने के बाद मौके पर फौरन पुलिस पहुंची और भीड़ को हटाया गया। कुछ ही देर में हालात सामान्य हो गए।


संबंधित आलेख: