• Home
  • News
  • Big News: Indian Air Force roars in the skies over Kashi! In the presence of thousands at Namo Ghat, PM Modi witnesses a historic air show.

बड़ी खबरः काशी के आसमान में गरजी भारतीय वायुसेना! नमो घाट पर हजारों लोगों की मौजूदगी में पीएम मोदी ने देखा ऐतिहासिक एयर शो

editor
  • Awaaz Desk
  • October 25, 2026 10:10 AM
 Big News: Indian Air Force roars in the skies over Kashi! In the presence of thousands at Namo Ghat, PM Modi witnesses a historic air show.

वाराणसी। धर्म और संस्कृति की पावन नगरी काशी के आसमान में रविवार को भारतीय वायुसेना के जांबाजों ने अदम्य साहस, शौर्य और तकनीकी क्षमता का हैरतअंगेज नजारा पेश किया। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 'विंग्स ओवर गंगा' थीम पर आयोजित 'एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वाराणसी के नमो घाट पर गंगा तट से प्रधानमंत्री ने वायुसेना के विमानों के रोमांचक करतब देखे। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में काशीवासी भी घाटों पर उमड़ पड़े। गंगा की अविरल धारा के ऊपर वायुसेना के लड़ाकू और परिवहन विमानों ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज फॉर्मेशन बनाए। नमो घाट के ऊपर 'कैलाश फॉर्मेशन' ने सभी को रोमांचित कर दिया। वायुसेना के स्पेशल ऑपरेशंस एयरक्राफ्ट 'C-130J सुपर हरक्यूलिस' ने 'विक' (V-आकार) फॉर्मेशन का नेतृत्व किया, जिसके दोनों ओर भारतीय वायुसेना के मीडियम ट्रांसपोर्ट की रीढ़ माने जाने वाले दो An-32 विमान उड़ान भर रहे थे। इस फॉर्मेशन ने देश की एयरबोर्न असॉल्ट और त्वरित कार्रवाई की ताकत को प्रदर्शित किया। इसके बाद 'विश्वनाथ फॉर्मेशन' के तहत अत्याधुनिक Su-30MKI विमानों ने मंच के लंबवत आकर अपना विश्व-प्रसिद्ध 'त्रिशूल स्प्लिट' करतब दिखाया। आसमान को चीरते हुए अलग-अलग दिशाओं में मुड़ते विमानों की गड़गड़ाहट से पूरी काशी गूंज उठी। वहीं छह विमानों के समूह ने तीर के सिरे जैसी 'एरोहेड' बनावट में 'प्रचंड' फॉर्मेशन बनाकर हवाई श्रेष्ठता और आसमानी दबदबे का जीवंत प्रदर्शन किया।

'हनुमान' और 'सारंग' के हैरतअंगेज करतब, तीनों सेनाओं के संयुक्त तालमेल का अनूठा प्रदर्शन
'हनुमान' प्रदर्शन के दौरान एक अकेले सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान ने गंगा नदी के ऊपर लगातार नौ मिनट तक गुरुत्वाकर्षण को मात देने वाले करतब दिखाए। विमान की असाधारण पैंतरेबाज़ी क्षमता (सुपर-मैन्यूवरेबिलिटी) देख दर्शक दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए। इसके बाद दुनिया की चुनिंदा पांच हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीमों में शुमार 'सारंग' ने 20 मिनट तक आसमान में रंगों और संतुलन की अनूठी छटा बिखेरी। टीम ने अपने सिग्नेचर करतब 'डॉल्फिन लीप' और 'सारंग स्प्लिट' से दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं। तीन दिवसीय इस एयर शो में स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस, लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर प्रचंड, राफेल और सुखोई-30 एमकेआई सहित कई अग्रिम पंक्ति के विमान शामिल हुए। इसमें थल सेना, नौसेना और वायुसेना के विमानों ने एक साथ उड़ान भरकर तीनों अंगों के मजबूत तालमेल और संयुक्त परिचालन (जॉइंट ऑपरेशंस) क्षमता का शानदार परिचय दिया। वायुसेना की मशहूर 'सूर्य किरण' एयरोबैटिक टीम ने भी तिरंगे के रंगों से आसमान को सराबोर कर दिया।

वाराणसी को दी गारमेंट फैक्ट्री की सौगात
वायुसेना के भव्य कार्यक्रम में शिरकत करने से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी को रोजगार का बड़ा उपहार दिया। उन्होंने शहर में आधुनिक अरविंद मिल (गारमेंट फैक्ट्री) का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कारखाने में काम करने वाली 300 महिला कर्मचारियों से आत्मीय संवाद किया और महिला सशक्तिकरण की दिशा में उनके प्रयासों की सराहना की। इधर प्रधानमंत्री के आगमन और भव्य एयर शो को लेकर वाराणसी में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। शहर को 32 जोन, 50 सेक्टर और 80 सब-सेक्टर में विभाजित कर करीब 11,900 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। पुलिस लाइन से लेकर नमो घाट तक जगह-जगह स्वागत केंद्रों पर लोगों ने प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया।


संबंधित आलेख: