• Home
  • News
  • Big news: Mumbai Police takes stern action in the Shivaji Park protest case! Lookout notices issued against organizers Abhijit Dipke, Sourav Das, and Ashutosh Ranka.

बड़ी खबरः शिवाजी पार्क प्रदर्शन केस में मुंबई पुलिस का कड़ा एक्शन! आयोजक अभिजीत दिपके, सौरव दास व आशुतोष रांका के खिलाफ लुकआउट नोटिस

editor
  • Awaaz Desk
  • November 26, 2026 01:11 PM
Big news: Mumbai Police takes stern action in the Shivaji Park protest case! Lookout notices issued against organizers Abhijit Dipke, Sourav Das, and Ashutosh Ranka.

मुंबई/नई दिल्ली। मुंबई के शिवाजी पार्क में बीते दो अक्टूबर को बिना पुलिस अनुमति के किए गए प्रदर्शन के मामले में जांच एजेंसियों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुंबई पुलिस ने इस प्रकरण में नामजद आयोजकों अभिजीत दिपके और आशुतोष रांका के खिलाफ लुकआउट नोटिस (एलओसी) जारी किया है। जानकारी के मुताबिक, सीजेपी से जुड़े प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की मनाही के बावजूद शिवाजी पार्क में एकत्रित होकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इस घटना के बाद शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में आयोजकों के साथ-साथ करीब 400 से 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 189 (गैरकानूनी जमावड़ा) और धारा 223 (लोक सेवक के आदेश की अवहेलना) के अलावा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इससे पूर्व इसी मामले में सौरव दास के खिलाफ भी लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। दास के अनुसार, उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन द्वारा आयोजित एक पैनल चर्चा में शामिल होने के लिए ब्रिटेन जाना था। हालांकि, जब वे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो इमिग्रेशन अधिकारियों ने पासपोर्ट फ्लैग होने का हवाला देते हुए उन्हें विमान में सवार होने से रोक दिया। इसके बाद दास ने इस कार्रवाई के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की। गुरुवार को जस्टिस अमित महाजन की पीठ के समक्ष हुई सुनवाई में केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) चेतन शर्मा ने पक्ष रखा। उन्होंने अदालत को बताया कि यह लुकआउट सर्कुलर मुंबई पुलिस के अनुरोध पर जारी किया गया है। एएसजी शर्मा के अनुसार, दास की स्कूली शिक्षा, पते और माता-पिता से जुड़े विवरणों में कुछ विसंगतियां पाई गई हैं, जिनसे उनकी भारतीय नागरिकता पर भी प्रश्नचिह्न लग सकता है। वहीं, याचिकाकर्ता सौरव दास की पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता अखिल सिब्बल ने सरकारी कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताया। सिब्बल ने तर्क दिया कि दास को एयरपोर्ट पहुंचने के बाद कारण बताओ नोटिस थमाया गया और बिना किसी पूर्व सूचना या आदेश की प्रति दिखाए उन्हें विदेश जाने से रोक दिया गया। उन्होंने नागरिक अधिकारों का हवाला देते हुए सर्कुलर की प्रति और इसके जारी होने के आधार की जानकारी मांगी। इस पर एएसजी शर्मा ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार सर्कुलर की प्रति साझा नहीं कर सकती है और यदि याचिकाकर्ता चाहें तो अलग कानूनी प्रक्रिया के तहत इसे चुनौती दे सकते हैं।


संबंधित आलेख: