बड़ी खबरः मलेशिया पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी! एयरपोर्ट पर पीएम अनवर इब्राहिम ने किया भव्य स्वागत, भारतीय समुदाय में दिखा जबरदस्त उत्साह
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया के दो दिनों के दौरे पर हैं। वह शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचे और भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इससे पहले मलेशियाई समकक्ष पीएम अनवर इब्राहिम ने उनका भव्य स्वागत किया। प्रधानमंत्री का स्वागत करने एयरपोर्ट गए इब्राहिम के साथ तस्वीर साझा करते हुए पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर तस्वीरें भी साझा कीं। पीएम मोदी ने लिखा, मैं कुआलालंपुर पहुंच गया हूं। हवाई अड्डे पर मेरे मित्र, प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की तरफ से किए गए हार्दिक स्वागत के लिए मैं अत्यंत आभारी हूं। प्रधानमंत्री ने अपने आगामी कार्यक्रमों और द्विपक्षीय संबंधों की तरफ संकेत करते हुए लिखा, मैं सार्थक बैठकों और चर्चाओं के साथ.साथ भारत और मलयेशिया के बीच दोस्ती के बंधन को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने की आशा करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद पीएम अनवर इब्राहिम के साथ एक ही कार में तस्वीर भी साझा की। उन्होंने इस तस्वीर के साथ लिखा, भारत-मलेशिया की जनता के बीच संबंधों का जश्न मनाते हुए! प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और मैं कुआलालंपुर में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे हैं। पीएम मोदी और मलेशियाई समकक्ष इब्राहिम की इस तस्वीर को पीएम मोदी की कार डिप्लोमेसी की तरह देखा जा रहा है। इससे पहले भी प्रधानमंत्री कई राष्ट्राध्यक्षों के साथ एक ही कार में देखे जा चुके हैं। उन्होंने इससे पहले भारत दौरे पर आए व्लादिमीर पुतिन के साथ भी ऐसी ही एक तस्वीर साझा की थी। वहीं पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि मैं पिछले साल आसियान समिट में हिस्सा लेने के लिए मलेशिया नहीं आ पाया था। लेकिन मैंने मेरे दोस्त से वादा किया था कि मैं जल्द ही मलेशिया आऊंगा और जैसा वादा किया था मैं यहां हूं। ये 2026 की मेरी पहले विदेश यात्रा है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रति मलेशिया का प्यार दिखा है। ऐसा स्वागत भारत याद रखेगा। मलेशिया में भारतीय संगीत और सिनेमा लोकप्रिय है। मलेशिया के 500 स्कूलों में भारतीय भाषाओं की पढ़ाई हो रही है। दोनों देशों के रिश्तों में मजबूती आई है।