• Home
  • News
  • Big News: Virat Kohli's team dismisses claims of charging ₹5 crore for a visit to Premanand Maharaj's ashram, calling the allegations completely false and baseless.

बड़ी खबरः विराट कोहली की टीम ने प्रेमानंद महाराज के आश्रम में आने के बदले 5 करोड़ रुपये लेने के दावे को किया खारिज, कहा- आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद

editor
  • Awaaz Desk
  • October 07, 2026 08:10 AM
Big News: Virat Kohli's team dismisses claims of charging ₹5 crore for a visit to Premanand Maharaj's ashram, calling the allegations completely false and baseless.

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम में जाने के लिए कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये लेने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। विराट कोहली के प्रवक्ता ने फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा की ओर से लगाए गए आरोपों को पूरी तरह झूठा, बेबुनियाद और तथ्यों के लिहाज से गलत बताया है। प्रवक्ता ने साफ किया कि विराट कोहली का प्रेमानंद महाराज से जुड़ाव किसी आर्थिक लेनदेन पर नहीं, बल्कि उनकी निजी आस्था और श्रद्धा पर आधारित है। फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने दावा किया था कि विराट कोहली को वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम में आने के लिए पांच करोड़ रुपये दिए गए थे। उनके मुताबिक, इसके पीछे आध्यात्मिक गुरु की लोकप्रियता बढ़ाने का उद्देश्य था। हालांकि, विराट कोहली की टीम ने इन दावों का पुरजोर खंडन किया है। टीम की ओर से जारी आधिकारिक बयान के बाद इस मामले को लेकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर चल रही चर्चाओं के बीच कोहली का पक्ष स्पष्ट हो गया है। विराट कोहली के प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा द्वारा विराट कोहली के बारे में किए गए दावे पूरी तरह झूठे, बेबुनियाद और तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि विराट कोहली प्रेमानंद महाराज से अपनी गहरी आस्था और श्रद्धा के कारण मिलने जाते हैं। टीम ने मीडिया संगठनों और पत्रकारों से भी अपील की कि इस तरह के दावों को रिपोर्ट करने या आगे बढ़ाने से पहले तथ्यों की पुष्टि की जाए। प्रवक्ता ने जिम्मेदार रिपोर्टिंग की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि बिना पुष्टि के किसी आरोप को आगे बढ़ाने से बचना चाहिए। खास बात यह है कि उपलब्ध जानकारी में ऐसा कोई प्रमाण सामने नहीं आया है, जिससे यह साबित हो कि विराट कोहली या उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने प्रेमानंद महाराज के आश्रम की यात्रा के लिए कोई रकम ली थी। ऐसे में पांच करोड़ रुपये दिए जाने का दावा फिलहाल आरोप के स्तर पर ही है, जबकि कोहली की टीम इसे स्पष्ट रूप से खारिज कर चुकी है।

2023 से आश्रम जाते रहे हैं विराट-अनुष्का

विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा का प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाना नया नहीं है। दोनों पहली बार 4 जनवरी 2023 को वृंदावन स्थित राधा केली कुंज आश्रम पहुंचे थे। इसके बाद भी दोनों कई मौकों पर आश्रम जाकर प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर चुके हैं। विराट कोहली के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में बदलाव के बावजूद उनकी आध्यात्मिक यात्राओं का सिलसिला जारी रहा। वह टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसे में कोहली की टीम ने स्पष्ट किया है कि आश्रम जाने के पीछे उनका व्यक्तिगत विश्वास और आध्यात्मिक जुड़ाव है।

आश्रम से जुड़े विवाद के बाद सामने आया था दावा
प्रेमानंद महाराज के आश्रम को लेकर विवाद उस समय चर्चा में आया जब आश्रम से जुड़े एक शिष्य की मौत का मामला सामने आया। इसके बाद आश्रम और उससे जुड़े लोगों को लेकर कई तरह के दावे सार्वजनिक हुए। इसी दौरान फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा की ओर से विराट कोहली को लेकर पांच करोड़ रुपये दिए जाने का दावा किया गया। मथुरा पुलिस मौत के मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक किसी मानसिक परेशानी से जूझ रहा था या नहीं और आश्रम से जुड़ने से पहले तथा बाद में उसके व्यवहार में कोई बदलाव आया था या नहीं।


संबंधित आलेख: