बिहारः कारगिल विजय दिवस! शहीदों को किया नमन, भव्य मशाल यात्रा निकली
सीवान। आज देशभर में कारगिल विजय दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित हुए और शहीदों को नमन किया गया। इसी क्रम में सीवान जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत सीवान शहर के शहीद सराय स्थित शहीद स्मारक से हुई, जहां कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीरों की स्मृति में भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हम यहां देश के उन वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देने एकत्र हुए हैं जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना मातृभूमि की रक्षा की। जब हम दीपावली के त्योहार का आनंद लेते हैं, तब हमारे सैनिक सरहद पर खून की होली खेलते हैं। जब-जब देश पर खतरा मंडराता है, तब हमारे सैनिक अपनी जान की बाजी लगाकर उसे बचाते हैं। इसके बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अजीत कुमार के नेतृत्व में एक मशाल यात्रा निकाली गई, जो शहीद सराय से शुरू होकर बबुनिया मोड़ होते हुए जेपी चौक पर जाकर समाप्त हुई। अजीत कुमार ने बताया कि यह यात्रा कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों को समर्पित है। उनकी वीरता और बलिदान की वजह से ही हम आज विजय दिवस मना पा रहे हैं। इस दौरान पूर्व सैनिकों में रामबाबू प्रसाद गुप्ता, जितेंद्र कुमार गुप्ता, अरुण कुमार ओझा, राजीव रंजन सिंह, अरविंद कुमार शर्मा, राजेश कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।