• Home
  • News
  • Bike robbery case: Police fired upon while trying to apprehend the accused; one crook caught, three absconding

बाइक लूट का मामला, आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस पर फायरिंग, एक बदमाश आया हाथ, तीन फरार

  • Tapas Vishwas
  • March 12, 2026 09:03 AM
Bike robbery case: Police fired upon while trying to apprehend the accused; one crook caught, three absconding

ऊधम सिंह नगर जिले में बाइक लूट के मामले में आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन अन्य बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। घटना सितारगंज कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार शाम लामाखेड़ा निवासी अरुण सिंह राणा अपनी बाइक से पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भरौनी मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों में शामिल गुरमीत सिंह और उसके एक साथी ने तलवार दिखाकर उन्हें धमकाया और जान से मारने की चेतावनी देते हुए उनकी बाइक लूट ली। घटना के तुरंत बाद अरुण सिंह राणा ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। टीम में एसआई ललित चौधरी और एएसआई राकेश रौंकली समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी वारदात के बाद भरौनी गांव की ओर भाग गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम जब आरोपी गुरमीत सिंह के घर पहुंची तो वहां आंगन में दो बाइक खड़ी मिलीं। पुलिस के अनुसार घर पर गुरमीत सिंह, उसका भाई मक्खन सिंह, पिता मोहन सिंह और एक अन्य व्यक्ति मौजूद थे। पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने आक्रामक रुख अपना लिया और कथित तौर पर तलवार और तमंचे से हमला करने की कोशिश की।

इसी दौरान गुरमीत सिंह ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया, हालांकि गोली निशाने से चूक गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए। फायरिंग के बाद चारों आरोपी खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए खेतों में छिपे गुरमीत सिंह के पिता मोहन सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान गुरमीत सिंह, मक्खन सिंह और उनके साथी इंद्रजीत उर्फ दिलबाग उर्फ बग्गू निवासी भरौनी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनकी तलाश में आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी बीएस धौनी ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं और लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। उस पर वन तस्करी से जुड़े चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस मामले में अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस संदिग्ध लोगों पर नजर रख रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार बदमाशों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


संबंधित आलेख: