उत्तराखण्ड में भाजपा का जलवा बरकरारः 45 सीटों पर बढ़त! पूर्व सीएम रावत ने ली हार की जिम्मेदारी, लिंक में जानें भावुक होकर क्या बोले हरदा
देहरादून। उत्तराखण्ड में भाजपा एक बार फिर बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। अभी तक भाजपा 45 सीटों पर आगे दिख रही है और कांग्रेस को 22 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। वहीं बताया जा रहा तीन सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों को बढ़त मिलती दिख रही है। वहीं अपनी ही सीट से हारने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि मेरे लिए यह नतीजे बेहद आश्चर्यजनक हैं। मैं समझ नहीं पा रहा कि इतनी महंगाई के बाद भी अगर जनता की यह इच्छा थी तो आखिर समाज की भलाई और सामाजिक क्या, किसे कहते हैं। मुझे नहीं समझ आ रहा कि इन सबके बावजूद लोग भाजपा जिंदाबाद कैसे कह रहे हैं। मैं अपनी पार्टी की कैंपेन कमेटी का अध्यक्ष होने के नाते यह स्वीकार करता हूं कि हमारी कैंपेन स्ट्रैटेजी नाकाफी रही। हमारे कार्यकर्ताओं ने बहुत अच्छा काम किया और मैं उन्हें धन्यवाद कहना चाहूंगा। मैं लोगों का भरोसा नहीं जीत सका लेकिन मैं अपनी बेटी और उन सभी प्रत्याशियों को बधाई देता हूं जिन्होंने जीत दर्ज की। हरीश रावत ने आगे कहा शायद हमारे प्रयासों में कुछ कमी रह गई जो हम उत्तराखंड के लोगों का विश्वास नहीं जीत सके। हमें उम्मीद थी कि लोग बदलाव के लिए वोट करेंगे लेकिन शायद हमारे प्रयास में ही कुछ कमी रह गई। मैं ये स्वीकार करता हूं और हार की जिम्मेदारी लेता हूं। उधर हरीश रावत के चुनाव हारने की खबर के बाद से भाजपा खेमा लगातार उन्हें घेरने में जुटा हुआ है।