भाजपा का अनुशासनः कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का डीएम को धमकी भरा व्यवहार! कहा- रंग-ढंग ठीक कर ले अपना, वीडियो वायरल
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी को अक्सर देश की सबसे अनुशासित पार्टी के रूप में जाना जाता है, लेकिन इसके नेताओं के बार-बार सामने आने वाले विवाद इस दावे पर सवाल उठाते हैं। ताजा मामला देहरादून का है, जहां कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे देहरादून के डीएम को खुलेआम धमकाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में जोशी डीएम को तू-तड़ाक की भाषा में कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘रंग-ढंग ठीक कर ले अपना।’ सूत्रों के अनुसार यह घटना तब हुई जब डीएम ने कथित तौर पर मंत्री का फोन नहीं उठाया, जिससे जोशी तिलमिला उठे और सार्वजनिक रूप से डीएम को फटकार लगाने लगे। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने लोगों का गुस्सा भड़का दिया है। कई यूजर्स ने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि एक आईएएस अधिकारी के साथ ऐसा व्यवहार शर्मनाक है। कुछ ने टिप्पणी की है कि वीडियो देखकर ऐसा लगता है जैसे जोशी अपने नौकर को डांट रहे हों। यह घटना तब और गंभीर हो जाती है, जब देहरादून सहित उत्तराखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश और सहस्रधारा में बादल फटने से भारी तबाही मची है। इस आपदा में कई लोगों की मौत हो चुकी है और कई लापता हैं। ऐसे में जब प्रशासन और पुलिस राहत व बचाव कार्यों में दिन-रात जुटी है। जोशी का यह व्यवहार उनकी प्राथमिकताओं पर सवाल उठाता है।
पहले भी विवादों में रहे हैं जोशी
यह कोई पहला मौका नहीं है जब गणेश जोशी ने अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया हो। इससे पहले भी वे कई बार विवादों में रहे हैं। 2016 में जोशी उस समय सुर्खियों में आए थे जब उनपर एक पुलिस के घोड़े को घायल करने का आरोप लगा था, जिसके बाद उनकी कथित हिंसक और अभद्र टिप्पणियों ने भी विवाद खड़ा किया था। इसके अलावा 2019 में एक अन्य घटना में जोशी ने एक सरकारी अधिकारी को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया था, जिसके लिए उनकी आलोचना हुई थी। इसके अतिरिक्त गणेश जोशी पर कई गंभीर आरोप भी लगे हैं।