नालंदा में दुस्साहस: शादी समारोह से लौट रहे बुजुर्ग को बदमाशों ने पेट में मारी गोली, हालत नाजुक
नालंदा जिले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के शिवशंकरपुर गांव में गुरुवार की देर रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब खुशियों के माहौल के बीच अंधाधुंध फायरिंग की आवाज गूंज उठी। समारोह में खाना खाकर अपने घर लौट रहे एक 60 वर्षीय बुजुर्ग को पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने बेहद करीब से गोली मार दी। गोली बुजुर्ग के पेट को चीरती हुई आर-पार निकल गई। आनन-फानन में लहूलुहान बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
घायल बुजुर्ग की पहचान शिवशंकरपुर गांव निवासी सूरत पासवान (60 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सूरत पासवान गांव में ही एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 12:30 बजे जब वह भोजन करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में पहले से ही हथियारबंद हमलावर घात लगाए बैठे थे। सूरत पासवान जैसे ही उनके करीब पहुंचे, बदमाशों ने उन पर सीधा निशाना साधकर गोली चला दी। गोली लगते ही वह चीखते हुए जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनकर शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल सूरत पासवान को गंभीर हालत में सबसे पहले हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पावापुरी विम्स और फिर बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, स्थिति में सुधार न होने और हालत लगातार नाजुक होते देख डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि इस वारदात के पीछे दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद और रंजिश चल रही थी, जिसे लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया। वारदात की सूचना मिलते ही हिलसा डीएसपी-2 ऋषिराज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायल बुजुर्ग की पुत्री के बयान पर स्थानीय थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।