• Home
  • News
  • Breaking News: Police team on patrol and checking duty attacked! Policemen beaten after being blinded with chili powder; struck with bricks and sticks.

बड़ी खबरः पेट्रोलिंग और चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर हमला! मिर्च पाउडर डालकर पुलिसकर्मियों को पीटा, ईंट-डंडों से किया वार

editor
  • Awaaz Desk
  • August 23, 2026 07:08 AM
Breaking News: Police team on patrol and checking duty attacked! Policemen beaten after being blinded with chili powder; struck with bricks and sticks.

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हिंसक भीड़ द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 22 अगस्त की दोपहर मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, पेट्रोलिंग और वाहन चेकिंग के दौरान बिना वैध दस्तावेज मिली एक बाइक को जब्त किए जाने के बाद विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि बाइक मालिक और उसके परिवार के लोगों ने पुलिसकर्मियों पर मिर्च पाउडर डालने के साथ ईंट और डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, भलस्वा डेयरी थाने में तैनात बीट स्टाफ हेड कॉन्स्टेबल दिनेश और हेड कॉन्स्टेबल राजेश 22 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके में नियमित पेट्रोलिंग और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक बाइक को जांच के लिए रोका। पुलिस का कहना है कि बाइक के चालक के पास वैध दस्तावेज नहीं थे। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बाइक को जब्त कर थाने में जमा करा दिया। बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे बाद, लगभग 3ः30 बजे बाइक मालिक और उसके परिवार के कुछ लोग पुलिसकर्मियों की कार्रवाई का विरोध करने के लिए मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि बातचीत के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद ईंट और डंडों से हमला किया गया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी मिलने पर हेड कॉन्स्टेबल टीनू भी मदद के लिए पहुंचे, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। घटना में कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मौके से एक 17 वर्षीय नाबालिग को पकड़ा गया है। हालांकि, घटना में शामिल अन्य आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मुख्य फरार आरोपी सुनील उर्फ पंकज बताया जा रहा है।

पुलिस का दावा है कि सुनील इलाके का बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें दो मामले एनडीपीएस एक्ट से संबंधित बताए गए हैं। ऐसे में पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड को भी जांच का हिस्सा बना रही है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हमले में कितने लोग शामिल थे और घटना के पीछे बाइक जब्ती को लेकर विवाद के अलावा कोई अन्य वजह तो नहीं थी। मौके और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उनकी भूमिका स्पष्ट की जा सके। राजधानी में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर इस तरह हमला किए जाने की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। 


संबंधित आलेख: