ब्रेकिंगः हल्द्वानी या पंतनगर शिफ्ट हो सकता है उत्तराखण्ड हाईकोर्ट! सरकार ढूंढ रही 100 एकड़ जमीन, सीएम धामी लेंगे अंतिम निर्णय
नैनीताल/रुद्रपुर। नैनीताल से हाईकोर्ट को शिफ्ट करने की चर्चाओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। सूत्रों की मानें तो हाईकोर्ट हल्द्वानी या पंतनगर शिफ्ट हो सकता है। केन्द्रीय कानून राज्य मंत्री एसपी बघेल ने हाईकोर्ट को शिफ्ट करने के लिए केन्द्र की तरफ से सहायता देने का आश्वासन भी दिया है। ऐसे में सरकार को हाईकोर्ट के लिए 100 एकड़ जमीन तलाशनी होगी। गौरतलब है कि हाईकोर्ट को कहीं और शिफ्ट करने की चर्चाएं अक्सर जोर पकड़ती हैं और पिछले साल हाईकोर्ट को शिफ्ट करने की मांग को लेकर वकीलों द्वारा विरोध प्रदर्शन भी किया गया था। बता दें कि हाईकोर्ट के लिए जितनी जगह की जरूरत है उतनी नैनीताल में उपलब्ध नहीं हो पा रही है। वादकारियों की बात तो दूर, वहां वकीलों को चैंबर बनाने तक लिए जमीन नहीं है।
ऐसे में हाईकोर्ट के शिफ्टिंग की संभावनाएं पहले से जताई जा रही थी। बीते रोज कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि केंद्र सरकार हाईकोर्ट के शिफ्टिंग के लिए सहमत है, लेकिन इसके लिए एक शर्त यह रखी गयी है कि यदि एयरपोर्ट या फिर रेलवे स्टेशन के आसपास जमीन मिलेगी तो तब ही इस पर विचार किया जाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री बघेल ने इस पर सहमति दी है। उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को ही इस पर अंतिम निर्णय लेना है। उधर नैनीताल में पार्किंग की समस्या को देखते हुए भी हाईकोर्ट को शिफ्ट करने की गुंजाइश बढ़ जाती है।