डिजिटल अरेस्ट कर 82 लाख की ठगी का मामला! अल्मोड़ा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, गुजरात से दो आरोपी गिरफ्तार
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा पुलिस ने साइबर ठगी के दो मामलों का खुलासा करते हुए गुजरात से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में बुजुर्गों को वीडियो कॉल के माध्यम से खुद को जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर डराया गया और उन्हें डिजिटल अरेस्ट में रखकर कुल 82 लाख रुपये की ठगी की गई। पहले मामले में अल्मोड़ा निवासी एक बुजुर्ग भाई-बहन को 16 दिनों तक वीडियो कॉल के ज़रिए यह कहकर डराया गया कि उनकी आईडी बच्चों के अपहरण वाले गैंग से जुड़ी है। उनसे कहा गया कि जांच पूरी होने तक वे किसी से बात न करें और अपने खाते की रकम जांच के लिए बताए गए खातों में भेजें। इस दौरान उनसे 75 लाख 73 हजार रुपये की ठगी की गई। दूसरे मामले में लमगड़ा क्षेत्र के एक बुजुर्ग को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर 5 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट में रखा गया। वीडियो कॉल पर सीबीआई अधिकारी बनकर डराने वाले आरोपियों ने उनसे 7 लाख 20 हजार रुपये तीन किस्तों में ट्रांसफर कराए। दोनों मामलों की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुजरात के मोरवी और जामनगर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर ठगी गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।