• Home
  • News
  • Chamoli: First the wife and son were attacked with sharp weapons, then the husband's body was found hanging from a rope on a tree far from the village.

चमोली: पहले पत्नी और बेटे पर धारदार हथियार से हमला, फिर गांव से दूर पेड़ पर रस्सी से लटका मिला पति का शव

  • Tapas Vishwas
  • March 07, 2026 10:03 AM
Chamoli: First the wife and son were attacked with sharp weapons, then the husband's body was found hanging from a rope on a tree far from the village.

चमोली जिले के देवाल क्षेत्र के ओडर गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी और बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार ओडर गांव निवासी गजेंद्र सिंह ने किसी कारणवश अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी और बेटे मयंक पर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया गया। इसी बीच ग्रामीणों को गजेंद्र सिंह का शव गांव से करीब 500 मीटर दूर एक पेड़ पर रस्सी से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं गांव में इस घटना के बाद लोगों में भय और शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।


संबंधित आलेख: