चारधाम यात्राः पीएम कार्यालय से होगी मॉनीटरिंग, प्रधानमंत्री मोदी देखेंगे सीधा प्रसारण! शासन-प्रशासन स्तर पर तेज हुई तैयारियां
देहरादून। चारधाम यात्रा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। शासन-प्रशासन स्तर पर हर रोज यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। वहीं बताया जा रहा है कि इस बार यात्रा की मॉनीटरिंग सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय से होगी और प्रधानमंत्री मोदी अपने कार्यालय से यात्रा का लाइव प्रसारण देखेंगे। वहीं लाइव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और जिलाधिकारी भी अपने कार्यालय से यात्रा व्यवस्थाओं का आंखों देखा हाल जान सकेंगे। इसके लिए बकायदा केदारनाथ से रुद्रप्रयाग और देहरादून से पीएमओ को इंटीग्रेटेड नेटवर्क से लिंक किया जा रहा है। बता दें कि यह पहला मौका होगा जब प्रधानमंत्री कार्यालय से केदारनाथ यात्रा को लाइव देखा जाएगा।
इस लाइव प्रसारण और मॉनीटरिंग के लिए स्वान और एनआईसी ने केदारनाथ से सोनप्रयाग के बीच 10 हाई फ्रीक्वेंसी आईपी कैमरा लगाए हैं। इन कैमरा के जरिये पूरे केदारनाथ सहित 17 किमी पैदल रास्ते के हर हिस्से पर नजर रखी जाएगी। सोनप्रयाग से रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी कार्यालय को रेडियो फ्रीक्वेंसी से लिंक किया गया है। उधर शासन स्तर पर यात्रा की तैयारियां भी तेज हो चली हैं। सीएम धामी से लेकर कैबिनेट मंत्री तक अधिकारियों के साथ मंथन कर तैयारियों की समीक्षा में जुटे हुए हैं।