मुख्यमंत्री धामी ने दी होली की शुभकामनाएं,प्रेम और समरसता का दिया संदेश
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। होली की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि होली रंग और उल्लास का त्योहार होने के साथ-साथ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। यह पर्व हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया जाता है और सामाजिक समरसता तथा एकता की भावना को सुदृढ़ करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि हमारी लोकसंस्कृति, शास्त्रीय संगीत परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक सद्भाव की जीवंत अभिव्यक्ति है। भारतीय सनातन संस्कृति का यह महत्वपूर्ण पर्व प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि होली के अवसर पर आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं। मुख्यमंत्री ने कामना की कि होली का यह पावन पर्व प्रदेश में समृद्धि और उन्नति के नए रंग लेकर आए तथा सभी के जीवन में सुख, शांति और सफलता का संचार करे। उन्होंने भगवान बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ धाम से प्रार्थना की कि देवभूमि उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे और प्रदेशवासियों का जीवन खुशियों से परिपूर्ण हो। मुख्यमंत्री ने सभी से आग्रह किया कि होली को आपसी भाईचारे, सद्भाव और संयम के साथ मनाएं तथा समाज में सकारात्मकता और एकता का संदेश फैलाएं।